बच्चों की जेब में सोलापुर से भुवनेश्वर का रेल टिकट मिला
मझगांव से सटे ओड़िशा के जमनाड़ी बाजार से लोगों ने पकड़ा
लोगों ने बच्चों व आरोपी को मझगांव थाने को सौंपा
सभी बच्चे टोंटो क्षेत्र के सेरेंगसोय के रहने वाले हैं
आरोपी से पूछताछ कर रही है पुलिस, जांच जारी
मझगांव : पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव प्रखंड में चार नाबालिगों की तस्करी का मामला प्रकाश में आया है. मझगांव की खड़पोस पंचायत से सटे ओड़िशा के जमनाड़ी बाजार से बुधवार को चार नाबालिग नंदी पिंगुवा, डोबरो पिंगुवा, सोमबारी पिंगुवा व माधेय पिंगुवा को बरामद किया गया. सभी को आपाटा पिंगुवा (54) नामक एक व्यक्ति ले जा रहा था.
खड़पोस पंचायत की मुखिया कमला कुई ने कुछ समाजसेवी के साथ मिलकर उसे पकड़ा. उसे मझगांव पुलिस के हवाले कर दिया है. सभी बच्चे टोंटो क्षेत्र के सेरेंगसोय के हैं. उन्हें टोंटो पुलिस के हवाले कर दिया गया है.
समाजसेवी लक्ष्मण चातार ने बताया कि देर रात तक जामनाड़ी बाजार में इन्हें देखकर लोगों को शंका हुआ. इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना मुखिया को दी. बच्चों ने बताया कि उन्हें किरीबुरु से दो टेंपो से यहां लाया गया.
बच्चों के पॉकेट से सोलापुर से भुवनेश्वर का रेल टिकट मिला है. इन बच्चों में तीन साल के माधेय पिंगुवा की तबीयत खराब है. खड़पोस उप स्वास्थ्य केंद्र में उसका इलाज कराया गया. पुलिस आरोपी आपाटा पिंगुवा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
रेसक्यू ऑपरेशन में मफिजुल रहमान, डाबरा पिंगुवा, मो चांद समेत महिला समिति के सदस्य शामिल थे.
