गोइलकेरा . देवेंद्र मांझी की 22वीं पुण्यतिथि आज, जोबा ने लिया तैयारियों का जायजा
तोरण द्वार व बैनरों से पटा गोइलकेरा
गोइलकेरा : शहीद देवेंद्र मांझी की 22वीं पुण्यतिथि शुक्रवार को मनायी जायेगी. मौके पर श्रद्धांजलि सभा का भी आयोजन किया जायेगा, जिसमें मुख्य रूप से झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन, चंपई सोरेन व कोल्हान के समस्त झामुमो विधायक, पार्टी के वरीय नेता समेत कई दिग्गज शामिल होंगे. सभा के लिए मंच हाट बाजार मैदान में बनाया गया है. वहीं आयोजन को लेकर दीघीलोटा, सोनुवा व गोइलकेरा के बीच करीब 10 तोरण द्वार बनाये गये हैं. इसके अलावा पूरे गोइलकेरा को झामुमो के झंडे व बैनरों से पाट दिया गया है. झामुमो में शामिल हो जाने के बाद जोबा माझी की यह तीसरा शहीद दिवस समारोह होगा. सभा का शुभारंभ सुबह 9 बजे से होगा.
बैठक कर जोबा ने की समीक्षा. सभा स्थल के समीप झामुमो कार्यकर्ताअों संग बैठकर जोबा मांझी ने आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की. इसमें विभिन्न गांवों से आने वाले लोगों के लिए वाहन की व्यवस्था पर चर्चा करते हुए वाहन मालिकों काे अग्रिम भुगतान किया गया. इस दौरान जोबा मांझी ने बताया कि कार्यक्रम सुबह नौ बजे से शुरू हो जायेगा. मौके पर मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष अकबर खान, घासीराम पाड़ेया, राहुल मेरल, हरिश चंद्र बोदरा, मंगल सिंह सांडिल, संजीव प्रधान आदि लोग उपस्थित थे.
