चाईबासा: कुंटा के पास स्कॉर्पियो से टकरायी बाइक
चाईबासा : ईद की नमाज पढ़ने कांड़रा थाना क्षेत्र के चुटियाखाल से चाईबासा आ रहे दो बाइक सवार शाहजहां शेख(22) व बदरुद्दीन शेख(22) कुंटा के पास स्कार्पियो की टक्कर से बुरी तरह घायल हो गये. दुर्घटना के बाद चालक फरार हो गया. सूचना पाकर घटनास्थल पहुंची पंड्राशाली पुलिस ने घायलों को इलाज के लिये सदर अस्पताल लाया. दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें टाटा रेफर कर दिया गया.
पुलिस ने बताया की मूल रुप से साहेबगंज जिले के राजमहल थाना अंतर्गत हाजबादल टोला निवासी शाहजहां व सिरसिरटोला निवासी बदरुद्दीन कंडारा के चुटियाटोला में रहकर ठेकेदार इनसान शेख के अधीन शौचालय निर्माण का कार्य करते थे. गुरुवार को ईद होने के कारण ईद की नमाज पढ़ने के लिये वे बाइक से पंड्राशाली होते हुए चाईबासा आ रहे थे. इस दौरान कुंटा क्षेत्र के पास मोड़ पर एक सफेद स्कार्पियो ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी. जिसके कारण दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर कर घायल हो गये. अत्यधीक चोट लगने के कारण बदरुद्दीन की हालत गंभीर बनी हुई है.
