चक्रधरपुर : एक ओर जहां रेलवे में यात्री टिकटों की बिक्री घट रही है. वहीं चक्रधरपुर में रेलवे टिकट बिक्री ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है. इससे टिकट बिक्री आय में भी अप्रत्याशित बढ़ोतरी हो रही है. टिकट बिक्री के आंकड़े के मुताबिक चालू वित्तीय वर्ष 2015-16 अप्रैल से जनवरी माह में चक्रधरपुर के यात्री किराये से कमाई 9 करोड़ 91 लाख 70 हजार 980 रुपये हुई है.
जो गत वर्ष इसी अवधि में 9 करोड़ 42 लाख 51 हजार 929 रुपये थी. ऐसे में किराये से होने वाली कमाई में 5 फीसदी की बढ़ोत्तरी दर्ज की गयी है. जबकि यात्रियों की संख्या इस अवधि में पिछले साल की अपेक्षा 3.7 फीसदी ज्यादा हुयी है. पिछले साल 2014-15 अप्रैल से जनवरी में यात्री संख्या 17 लाख, 5 हजार 203 थी, जो इस साल 2015-16 में 17 लाख 68 हजार 620 हो गयी. उल्लेखनीय है कि यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी के साथ ही यात्रियों की ओर से चक्रधरपुर स्टेशन सुविधाओं को बढ़ाने की मांग भी बढ़ रही है.
