चक्रधरपुर : फनी चक्रवाती तूफान को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित साह व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का झारखंड के विभिन्न जिलों में आयोजित होने वाला कार्यक्रम रद्द हो गया है. यह बात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह एनडीए के सिंहभूम लोकसभा प्रत्याशी लक्ष्मण गिलुवा ने चक्रधरपुर टाउन काली मंदिर समीप स्थित पार्टी के चुनावी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन कर कही.
कहा कि रांची, खूंटी व कोडरमा में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित साह व जमशेदपुर में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का चुनावी सभा होना था. तूफान में कार्यकर्ता व जनता के साथ किसी प्रकार की अप्रिय घटना न घटे, इसे देखते हुए सभी कार्यक्रम रद्द किये गये हैं.
मतदाताओं में दहशत फैलाने के लिए खरसावां में दिया घटना को अंजाम
प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि खरसावां में असामाजिक तत्वों द्वारा घटना को अंजाम देने का उद्देश्य सिर्फ मतदाताओं के बीच दहशत फैलाना है. उन्होंने कहा कि मतदाता भयमुक्त होकर मतदान के दिन बढ़ चढ़ कर अपने मत का प्रयोग करें.
पीएम नरेंद्र मोदी 6 मई को चाईबासा में करेंगे चुनावी सभा को संबोधित
प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि 6 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाईबासा में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे. चक्रवाती तूफान के कारण पांच मई को होने वाला कार्यक्रम अब छह मई को होगा. संवाददाता सम्मेलन में अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष अशोक षाड़ंगी, शेष नारायण लाल, संजय पासवान समेत अन्य मौजूद थे.
