चक्रधरपुर : भूमि अधिग्रहण संशोधन विधेयक के खिलाफ संयुक्त विपक्ष के झारखंड बंद का चक्रधरपुर में व्यापक असर रहा. सुबह से ही बाजार, स्कूल, प्रतिष्ठान बंद रहे. सवारी वाहन भी नहीं चला. बंदी के कारण सड़क मार्ग से लोग सफर नहीं कर पाये. अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप प्रसाद, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सकल देव राम, अनुमंडल दंडाधिकारी अनुराधा कुमारी, सुरेश प्रसाद सिन्हा, बीडीओ राम नारायण सिंह, सीओ अमर जोन आईंद, थाना प्रभारी गोपीनाथ तिवारी बंद से निपटने के लिए पवन चौक में डटे रहे. शहर के लेकर गांव तक पुलिस बल तैनात किये गये थे. शहर में टोकलो रोड, बांझीकुसूम, सोनुवा रोड व चाईबासा रोड में पुलिस चेक पोस्ट बना कर पुलिस बल तैनात किये गये थे. संवेदनशील जगहों पर पुलिस और मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की गयी थी.
कुछ बंद समर्थक सड़क पर दिखे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. सबसे पहले पुलिस ने विधायक शशिभूषण सामड को समर्थकों संग गिरफ्तार किया. शहर के सभी प्रतिष्ठान दो बजे तक पूर्णत: बंद रहे. इसके बाद धीरे धीरे होटल व दुकानें खुले.
