दुर्घटना. सोहाकाठी गांव से 9 लोग क्योंझर जा रहे थे
ऑटो में 9 यात्री थे सवार
दुर्घटना में ऑटो के परखचे उड़े
तीन गंभीर घायलों को क्योंझर से कटक अस्पताल किया गया रेफर
बड़बिल : क्योंझर जिला के सदर थाना अंतर्गत डोंगापानी के निकट एनएच 49 पर तेज रफ्तार ट्रेलर और यात्री वाहक ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में ऑटो में सवार चार लोगों की मौत हो गयी. जबकि अन्य पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घायल पांच लोगों में तीन की नाजुक हालत देख उन्हें कटक अस्पताल रेफर किया गया है. घटना बुधवार सुबह 9 बजे की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार सोहाकाठी गांव से 9 लोग ऑटो में सवार हो कर क्योंझर आ रहे थे. जिनमें कुछ मजदूरी के लिए तो कुछ लोग क्योंझर खरीदारी के लिए आ रहे थे.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो ड्राइवर द्वारा सड़क पर आगे जा रही एक ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रेलर ने ऑटो को सीधी टक्कर मार दी. ट्रेलर से टक्कर के बाद ऑटो पलट गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी की ऑटो पर सवार कुछ लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद सभी लोगों को जख्मी हालत में क्योंझर अस्पताल लाया गया. जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांच घायलों में से तीन की नाजुक हालत देख उन्हें कटक रेफर कर दिया गया है. मृतक सिबा पात्रो, बेनु पात्रो, केशव पात्रो तथा सुरेश पेट्रा हैं. जिस जगह दुर्घटना घटी है उस जगह आये दिन छोटी बड़ी दुर्घटनाएं घटती रहती है. इसके बावजूद आज तक प्रशासन द्वारा दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया है.
