एनच-75, बाटा-पोस्टऑफिस व तंबाकू पट्टी रोड में चला अभियान
सुबह 11:30 बजे से शाम पांच बजे तक अभियान चला
पोस्ट ऑफिस रोड में 70 से अधिक दुकानदारों ने अतिक्रमण किया था
चक्रधरपुर : चक्रधरपुर में मंगलवार को पुलिस-प्रशासन ने अभियान चलाकर अतिक्रमण कर बनी 200 से अधिक दुकानों पर बुलडोजर चलाया. चक्रधरपुर नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सकलदेव राम, अंचलाधिकारी अमर जॉन आईंद के नेतृत्व में एनच-75, बाटा रोड, पोस्ट ऑफिस रोड, तंबाकू पट्टी रोड, कपड़ा पट्टी आदि जगहों से अतिक्रमण हटाया गया. इस दौरान प्रशासन सख्त रहा. नप के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार के निर्देश पर मंगलवार की सुबह 11:30 बजे से शाम पांच बजे तक अभियान चला.
दोबारा अतिक्रमण करने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की हिदायत
प्रशासन ने अभियान से पूर्व अतिक्रमणकारियों को सख्त हिदायत दी कि दोबारा अतिक्रमण कर दुकान लगायी, तो सीधे मामला दर्ज कर कार्रवाई होगी. इसके बाद अवैध तरीके से दुकान व प्रतिष्ठान के बाहर निकाले शेड, दीवार, अवैध रूप से दुकान के बाहर बनाये पक्का स्लेब पर बुलडोजर चलाया गया. इस बीच सीओ अमर जॉ आईंद, थाना प्रभारी गोपानाथ तिवारी मौजूद रहे. अतिक्रमण हटाने में पांच पुलिस पदाधिकारी व 100 से अधिक पुलिस बल तैनात रहे. सीओ श्री आईंद ने कहा कि शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगा. किसी को अतिक्रमण कर सरकारी जमीन पर कब्जा नहीं करने दिया जायेगा.
अतिक्रमण से सड़क संकीर्ण कर रहे दुकानदार : नप के कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि दुकान व मकान मालिक के अतिक्रमण से सड़क संकीर्ण हो रहा है. इससे आवागमन में काफी परेशानी होती है. अतिक्रमण हटाने के दौरान खर्च राशि का वहन दुकानदारों को करना होगा. ऑनस्पॉट जुर्माना लिया गया. जुर्माना नहीं देने पर नोटिस भेज कर जुर्माना वसूला जायेगा.
दुकानदार अतिक्रमण करने से बचें : सकलदेव राम : अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सकलदेव राम ने कहा कि दुकानदार व मकान मालिक अतिक्रमण करने से बचें. अवैध रूप से शेड व दीवार का निर्माण करने पर कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
मिन्नतें करते रहे दुकानदार, नहीं माना प्रशासन
चक्रधरपुर बाजार के पोस्ट ऑफिस रोड में सबसे अधिक अतिक्रमण था. यहां दुकानदार समय की मांग करते रहे, लेकिन प्रशासन ने एक न सुनी. नगर पर्षद ने दर्जनों दुकानों पर जुर्माना भी लगाया. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सकलदेव राम व अंचलाधिकारी अमर जॉन आईंद के मौजूदगी में पोस्ट ऑफिस रोड से अतिक्रमण हटाया गया. पोस्ट ऑफिस रोड में 70 से अधिक दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा था. पोस्ट ऑफिस रोड से अतिक्रमण हटाने में प्रशासन को ढाई घंटा से अधिक समय लगा. बाटा रोड, तंबाकू पट्टी व कपड़ा पट्टी से पूरी तरह अतिक्रमण हटाया गया.
