चक्रधरपुर : प्रभात खबर में नौ दिसंबर अंक में प्रकाशित ‘24 लाख के पंचायत भवन से गिर रहा प्लास्टर, दरार’ शीर्षक खबर को डीडीसी ने संज्ञान में लिया है. शनिवार को डीडीसी सीपी कश्यप के आदेश पर बीडीअो आरएन सिंह, एनआरइपी के सहायक अभियंता विशाल खालखो, जेइ महेश महतो समेत जिप सदस्य भूमिका मुंडा, मुखिया मालती गागराई व आजसू नेता रामलाल मुंडा नवनिर्मित पंचायत भवन के निर्माण में बरती की अनियमितता की जांच करने पहुंचे.
पाया गया कि 24 लाख से निर्मित इस इस पंचायत भवन में संवेदक द्वारा भारी अनियमितता बरती गयी है. भवन का फर्श काफी घटिया स्तर से निर्माण हुआ है. फर्श पर किया गया प्लास्टर भी जगह-जगह से दरक गया है. इससे फर्श पर चलने पर आवाज होती है. इस क्रम में जिप सदस्य श्रीमती मुंडा, मुखिया श्रीमती गागराई, आजसू नेता श्री मुंडा व ग्रामीणों ने कहा कि संवेदक दोबारा से सही तरीके से फर्श की ढलाई करे. ऐसा नहीं होने पर पंचायत भवन का उदघाटन होने नहीं दिया जायेगा. इस दौरान बीडीओ श्री सिंह ने कहा कि संवेकद को पुन: फर्श की ढलाई करते हुए बेहतर ढंग से निर्माण कराने को कहा जायेगा. मौके पर सत्या प्रधान, राजेंद्र प्रधान समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
