गांव का ट्रांसफॉर्मर पांच माह से खराब पड़ा है
गांव के 250 परिवारों के लोग परेशानी में, छात्रों की पढ़ाई प्रभावित
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
चाईबासा : हाथी प्रभावित हाटगम्हरिया प्रखंड की नूरदा पंचायत अंतर्गत इलिगड़ा गांव के निवासी पांच माह से बिजली नहीं होने की शिकायत लेकर शनिवार को बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से मिलने चाईबासा पहुंचे. ग्रामीणों ने अपनी समस्या को लेकर बिजली विभाग के आला अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें गांव में लगे 16 केवी के ट्रांसफॉर्मर के विगत पांच माह से खराब होने, जिसके कारण गांव के 250 परिवारों के अंधेरे में जिंदगी गुजारने को विवश होने की शिकायत की गयी है.
इसके मद्देनजर उक्त खराब ट्रांसफॉर्मर को जल्द से जल्द बदलने की मांग की गयी है. दूसरी ओर, बिजली नहीं रहने के बाद भी नूरदा गांव के विभिन्न टोलों में बिजली बिल बदस्तूर पहुंच रहा है, जिसे ग्रामीणों ने घाव पर नमक छिड़कने जैसा बताते हुए उक्त अवधि का बिजली बिल माफ करने की मांग भी की है. अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद इसके जल्द समाधन का आश्वासन दिया. हाट गम्हरिया प्रखंड भाजपा अध्यक्ष ब्रजमोहन चातोंबा के नेतृत्व में पहुंचे उक्त प्रतिनिधिमंडल में झींकपानी प्रखंड अघ्यक्ष सह झींकपानी प्रखंड के उप प्रमुख तरुण सवैयां, सदर प्रखंड अध्यक्ष सचिन पुरती, झींकपानी प्रखंड उपाध्यक्ष रघुनाथ गोप, इलिगड़ा बूथ अध्यक्ष राम सिंकू एवं दुनिया तुम्बिल समेत काफी संख्या मे ग्रामीण उपस्थित थे.
