पत्नी व साला-साली ने राजीव को मारा

रेलकर्मी हत्याकांड. आरोपी पत्नी गयी जेल, मृतक के पिता ने थाने में दर्ज कराया केस चाईबासा रेलवे कॉलोनी के क्वार्टर में लटका मिला था ग्रुप डी रेलकर्मी का शव आरोप : पति की हत्या की और आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को लटकाया गया चाईबासा : रेलवे कर्मचारी राजीव कुमार सिंह की कथित […]

रेलकर्मी हत्याकांड. आरोपी पत्नी गयी जेल, मृतक के पिता ने थाने में दर्ज कराया केस

चाईबासा रेलवे कॉलोनी के क्वार्टर में लटका मिला था ग्रुप डी रेलकर्मी का शव
आरोप : पति की हत्या की और आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को लटकाया गया
चाईबासा : रेलवे कर्मचारी राजीव कुमार सिंह की कथित हत्या मामले में परिवार वालों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज करते हुए मृतक की पत्नी अनिता को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. वहीं, राजीव के पिता रामविलास सिंह के बयान पर पुलिस ने अनिता की बहन रूमा कुमारी, भाई मुन्ना कुमार व मां शारदा देवी को भी नामजद आरोपी बनाया है. राजीव का शव शनिवार की रात उसके रेलवे क्वार्टर में लटका हुआ पाया गया था.
26 नवंबर की देर रात मुफ्फसिल थाना में दर्ज मामले में रामविलास ने आरोप लगाया है कि उनकी पतोहू ने अपनी बहन, भाई व मां के साथ मिलकर उनके बेटे राजीव कुमार सिंह की हत्या की और उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को दुपट्टे से बांधकर क्वार्टर के पंखे में लटका दिया. रामविलास के मुताबिक अनिता का दूसरे लड़के से अवैध संबंध है जिसकी जानकारी उसके घरवालों को भी है और इसी कारण पति-पत्नी में अनबन रहती थी. उन्होंने कहा कि अनिता अपने प्रेमी के साथ भाग गयी थी और बाद में पति की नौकरी पाने के लालच में लौटकर आयी और उसकी हत्या कर दी. बिहार के भागलपुर जिला निवासी राजीव कुमार सिंह रेलवे में ग्रुप डी में कार्यरत था.
बच्चा होने के बाद बदल गया अनिता का व्यवहार
रामविलास ने बताया कि राजीव की शादी साहेबगंज के बड़ी कोदरजना पटवाटोली निवासी योगेंद्र मंडल की बेटी अनिता के साथ वर्ष 2007 में सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी. शादी के बाद दोनों पति-पत्नी के रूप में तीन-चार साल तक ठीक-ठाक रहे. इस बीच उनको एक बच्चा भी हुआ. इसके बाद से अनिता देवी का व्यवहार बदलने लगा. वह पति को बिना बताये घर से चली जाती थी और 15-20 दिन बाद पुन: लौट आती. इसके कारण राजीव अनिता के बीच संबंध ठीक नहीं रह गये.
बहू का दूसरे युवक से है संबंध, नौकरी के लालच में की हत्या : रामविलास
साला-साली देते थे धमकी, रास्ते से हटा देंगे
राजीव के पिता रामविलास द्वारा दर्ज कराये गये केस में बताया गया है कि उनकी पतोहू अनिता की छोटी बहन रूमा कुमारी इंजीनियरिंग कॉलेज झींकपानी में पढ़ाई कर रही है, जबकि उसका भाई मुन्ना कुमार उर्फ गुड्डू चाईबासा में ही जॉब कर रहा है. दोनों भाई-बहनों का राजीव कुमार सिंह के क्वार्टर में आना-जाना था. वे दोनों अक्सर राजीव को धमकी देते थे कि बहन को ठीकठाक से रखो, नहीं तो रास्ते से हटा देंगे. 25 नवंबर की रात 9.16 बजे उनकी पतोहू अनीता देवी ने फोन से घटना की जानकारी दी. घटना की जानकारी मिलते ही रविवार को दोपहर में चाईबासा पहुंचे तो बेटा राजीव को मृत पाया.
राजीव को नौकरी से पहले रायपुर में ब्यूटी पार्लर में काम कर रही थी अनिता
रामविलास ने बताया कि राजीव की रेलवे के ग्रुप डी में जब नौकरी लगी तब अनिता घर से भागी हुई थी. वह रायपुर (छत्तीसगढ़) चली गयी थी और वहां वह एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी. राजीव उस समय गाड़ीखाना में किराये के मकान में रहता था. अक्तूबर 2017 में राजीव को क्वार्टर मिलने की जानकारी जब अनिता को हुई तो वह 4 नवंबर 17 को रायपुर से चाईबासा आ गयी. लौटने के बाद भी अनिता के आचरण में कोई सुधार नहीं हुआ और इसके तीन सप्ताह बाद पति की हत्या कर दी.
हत्या मैंने खुद की है. इसमें मेरी मां, भाई, बहन का हाथ नहीं है. मैंने अकेले पति का हाथ-पैर बांधकर उसको मार डाला और शव को फंदे से लटका दिया.
अनिता, मृतक की पत्नी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >