पत्नी ने कहा- 3-4 दिनों से पति की दिमागी हालत ठीक नहीं थी
रातभर सो नहीं पाते थे, अचानक कहते लोग मुझे मारने आ रहे हैं
चाईबासा : पांड्राशाली ओपी अंतर्गत पुरनिया गांव का सिकंदर बोदरा (28) बुधवार की सुबह आठ बजे पासेया गांव के पास बिजली खंभा पर चढ़ गया. यहां करंट लगने से उसकी मौत हो गयी. ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. पत्नी पदनी कुई ने बताया कि पति सिकंदर बोदरा की दिमागी हालत 3-4 दिनों से ठीक नहीं थी. रात में ठीक से सो नहीं पाते थे. अचानक उठकर कहते थे कि मुझे लोग लाठी-डंडा से मारने आ रहे हैं.
मुझे बचाओ. बुधवार की सुबह उठा कहीं चले गये. लगभग साढ़े आठ बजे ग्रामीणों ने जानकारी दी कि आपका पति बिजली करंट से मर गया. वह गांव के लोगों के साथ घटना स्थल पर पहुंची. वह आठ माह की गर्भवती है. यह उसका पहला बच्चा है. लोगों ने बताया कि सिकंदर बिजली खंभा पर चढ़कर तार छूने लगा. झटका लगा और गिर गया. उसका हाथ में जला का निशान है.
