चाईबासा : मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदलकर सेवानिवृत्त शिक्षक के खाते से 12 लाख 25 हजार रुपये उड़ाने के आरोपी की पहचान सीसीटीवी फुटेज से हुई है. सेवानिवृत्त शिक्षक सिदिक हाईबुरू ने छोटा नीमडीह चाईबासा स्थित एटीएम के सीसीटीवी फुटेज में उसकी पहचान की है. सदर थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि सिदिक हाईबुरू मुफस्सिल थानांतर्गत भोया गांव का निवासी है. श्री हाईबुरू और उनकी पत्नी शिक्षक से सेवानिवृत्त हो गये हैं.
15 मार्च 2016 को एटीएम से पैसे निकासी करने आये थे. उसी समय लाइन में खड़ा एक व्यक्ति ने मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदल लिया. 15 मार्च से 19 मार्च 2016 के बीच उनके खाते से 12 लाख 25 हजार 460 रुपये रानी कुमारी के खाते पर ट्रांसफर किया गया. रानी कुमारी अंडमान निकोबार द्वीप समूह की रहनेवाली है. रानी कुमारी अपना निवास स्थान छोड़ चुकी है. पुलिस रानी कुमारी की गिरफ्तारी में जुट गयी है.
