रांची से राणा प्रताप की रिपोर्ट
Jharkhand High Court Suo Motu: हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के कोसुंभा गांव में 12 वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने सोमवार को स्वतः संज्ञान लिया है. न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने घटना को अत्यंत गंभीर मानते हुए इस पर कड़ी नाराजगी जताई.
डीजीपी और एसपी समेत कई अधिकारियों को नोटिस
हाईकोर्ट ने इस मामले में राज्य के गृह सचिव, डीजीपी और हजारीबाग के एसपी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. अदालत ने प्रशासन से स्पष्ट रूप से पूछा है कि अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी क्यों नहीं हो सकी. कोर्ट के इस कदम के बाद पुलिस और प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है.
विष्णगुढ़ की घटना से मानवता शर्मसार हुई: हाईकोर्ट
सुनवाई के दौरान हजारीबाग के एसपी अंजनी अंजन वर्चुअल कोर्ट में उपस्थित हुए. हाईकोर्ट ने पूछा कि घटना के सातवें दिन वारदात में शामिल आरोपी अभी तक गिरफ्तार क्यों नहीं हुआ? घटना की प्राथमिकी देर से क्यों दर्ज हुई? अदालत ने इस मामले में कड़ी नाराजगी जताई. अदालत ने मौखिक रूप से कहा कि इस घटना से मानवता शर्मसार हुई है.
विष्णुगढ़ दरिंदगी मामले का पूरा वीडियो यहां देखें
छह दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली
घटना के छह दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक मुख्य आरोपियों को पकड़ने में असफल रही है. इस वजह से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. गांव में लगातार जनप्रतिनिधियों का आना-जाना लगा हुआ है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है.
विष्णुगढ़ में बंद का व्यापक असर
घटना के विरोध में सोमवार को विष्णुगढ़ पूरी तरह बंद रहा. दुकानदारों ने स्वतः अपनी दुकानें बंद रखीं, जिससे पूरे बाजार में सन्नाटा पसरा रहा. हालात ऐसे नजर आए मानो इलाके में लॉकडाउन लागू हो गया हो. लोग सड़कों पर उतरकर न्याय की मांग करते दिखे.
सड़क जाम कर जताया विरोध
आंदोलनकारियों ने विष्णुगढ़-हजारीबाग रोड को सात माइल मोड़ के पास जाम कर दिया. करीब आधे घंटे तक सड़क जाम रहने से यातायात प्रभावित हुआ. सात माइल मोड़, हॉस्पिटल मोड़ और अखाड़ा चौक की सभी दुकानें बंद रहीं. लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.
सियासी हलचल भी तेज
मामले को लेकर सियासत भी तेज हो गई है. भाजपा ने हजारीबाग बंद का ऐलान किया, जिसका असर क्षेत्र में साफ देखने को मिला. वहीं रविवार को केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी कोसुंभा गांव पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय दिलाने का भरोसा दिया.
इसे भी पढ़ें: Giddi Bandh: विष्णुगढ़ दरिंदगी मामले के विरोध में गिद्दी कोयलांचल बंद, सड़क पर उतरे भाजपा समर्थक
न्याय की मांग तेज, प्रशासन पर दबाव
पूरे मामले में अब न्याय की मांग और तेज हो गई है. हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि जांच में तेजी आएगी और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी होगी. फिलहाल प्रशासन पर हर स्तर से दबाव बना हुआ है और लोग जल्द न्याय की उम्मीद कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: हजारीबाग दरिंदगी के विरोध में विष्णुगढ़ में लॉकडाउन, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे आंदोलनकारी
