रांची से विक्की की रिपोर्ट
Ranchi News: पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने विष्णुगढ़ में हुई 12 वर्ष की बच्ची के हत्याकांड की जांच को लेकर राज्य पुलिस पर गंभीर सवाल उठाए हैं. रांची प्रेस क्लब में उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि पूरी जांच प्रक्रिया में कई अहम पहलुओं की अनदेखी की गयी है, जिससे सच्चाई सामने नहीं आ पा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि डीजीपी तदाशा मिश्रा के निर्देश पर जारी विज्ञप्ति में मृतका की मां को ही आरोपी और सूचक बताया गया, जो बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला है.
जांच प्रक्रिया पर उठाए सवाल
अंबा प्रसाद ने कहा कि 26 तारीख को एसआईटी का गठन हुआ, लेकिन अब तक कोई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा. उन्होंने पूछा कि आरोपियों से पूछताछ कब और कैसे की गई. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि क्राइम सीन को सुरक्षित नहीं रखा गया और साक्ष्यों के साथ लापरवाही बरती गई. जहां शव मिला, वहां तक पुलिस की कहानी ही नहीं पहुंचती.
पुलिस की थ्योरी पर संदेह
प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने पुलिस की कहानी को कच्ची और अविश्वसनीय बताया है. उन्होंने कहा कि पुलिस भूमि विवाद की बात कर रही है, जबकि संबंधित परिवार के पास जमीन ही नहीं है. अंबा प्रसाद ने धार्मिक पहलुओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अष्टमी के शुभ मुहूर्त से पहले कथित बलि कैसे दी गयी.
कई बिंदुओं पर मांगी सफाई
उन्होंने पूछा कि पुलिस को बताना चाहिए कि अभियुक्तों से पूछताछ कब की गई. छापेमारी दल ने कब और कहां कार्रवाई की. पीड़ित परिवार की स्थिति और तथ्यों की जांच कैसे की गई. उन्होंने यह भी कहा कि मामले में कोई फोरेंसिक जांच नहीं कराई गई, जिससे साक्ष्यों की अनदेखी हुई है.
राजनीतिक आरोप भी लगाए
अंबा प्रसाद ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी भीम राम एक दबंग व्यक्ति है और उसका राजनीतिक संबंध भी है. उन्होंने कहा कि पूरे मामले में निष्पक्ष जांच नहीं हुई है.
सीबीआई जांच की मांग
पूर्व विधायक ने इस पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि वर्तमान जांच के आधार पर अदालत में कुछ साबित नहीं हो पाएगा. उन्होंने मुख्यमंत्री और न्यायालय से मामले का संज्ञान लेने की अपील करते हुए कहा कि सटीक जांच कर दोषियों को सजा दिलाई जानी चाहिए.
इसे भी पढ़ें: अचानक बूढ़ा पहाड़ पहुंचे झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, उग्रवादियों को दिया सख्त संदेश
इसे भी पढ़ें: पलामू में झोलाछाप डॉक्टर पर बड़ी कार्रवाई, सीआईडी की रिपोर्ट में अवैध क्लिनिक सील
