झारखंड में 15 अगस्त के कार्यक्रम का बदला समय, जिला से पंचायत तक सुबह 9 बजे के बाद होगा ध्वजारोहण

15 अगस्त पर झारखंड में सुबह 9 बजे के बाद ही होगा झंडोत्तोलन. जानें गृह मंत्रालय की नई गाइडलाइन, राष्ट्रगीत-राष्ट्रगान का क्रम और राज्य से पंचायत तक ध्वजारोहण की जिम्मेदारी.

देवघर: स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किये हैं. इसके तहत झारखंड में 15 अगस्त को राज्य मुख्यालय से लेकर जिला, अनुमंडल, प्रखंड और ग्राम पंचायत स्तर तक होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रम सुबह 9 बजे के बाद ही आयोजित किये जायेंगे. गृह मंत्रालय के निर्देश के आलोक में झारखंड सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) ने भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किये हैं.

राष्ट्रगीत से शुरू होगा समारोह

निर्देश के अनुसार स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के गायन से होगी. इसके बाद ध्वजारोहण किया जायेगा और निर्धारित कार्यक्रम आयोजित होंगे. समारोह का समापन राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ के साथ किया जायेगा. राज्य से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक आयोजित होने वाले समारोहों में इसी क्रम का पालन करने का निर्देश दिया गया है.

राज्य से पंचायत तक तय की गयी जिम्मेदारी

राज्य स्तर पर राजधानी रांची में मुख्यमंत्री ध्वजारोहण करेंगे. इसके बाद राज्य पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी और स्काउट्स की टुकड़ियों की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया जायेगा.

जिला मुख्यालय स्तर पर निर्धारित व्यवस्था के अनुसार मंत्री, प्रमंडलीय आयुक्त या उपायुक्त ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे. अनुमंडल स्तर पर एसडीएम/एसडीओ तथा प्रखंड स्तर पर बीडीओ ध्वजारोहण करेंगे. पंचायत एवं ग्राम स्तर पर संबंधित पंचायत के सरपंच या ग्राम प्रधान द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा.

सुबह 9 बजे से पहले नहीं होगा कार्यक्रम

गृह मंत्रालय की गाइडलाइन में स्वतंत्रता दिवस समारोह के समय को लेकर स्पष्ट निर्देश दिया गया है. इसके अनुसार रांची, जिला मुख्यालय, अनुमंडल, प्रखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम सुबह 9 बजे से पहले शुरू नहीं किया जायेगा. इसका उद्देश्य राज्य के सभी स्तरों पर समारोह के समय में एकरूपता बनाए रखना है.

सरकार की ओर से संबंधित अधिकारियों को गृह मंत्रालय के निर्देशों के अनुरूप स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरी करने और निर्धारित कार्यक्रम का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By वैभव विक्रम

वैभव विक्रम डिजिटल पत्रकार हैं. बीते 5 सालों से झारखंड की सामाचार, खेल, लाइफस्टाइल, एजुकेशन, धर्म में रुचि है और इसी विषय पर अपने विचार प्रकट करना पसंद है. वर्तमान में प्रभात खबर के झारखंड डेस्क के रांची एडिशन के जिलों की खबरों को कवर कर रहे हैं. इससे पहले वह साल 2023-24 में प्रभात खबर के खेल डेस्क की खबरें लिखा करते थे.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >