चाईबासा. खूंटपानी प्रखंड के लुपुंगगुटू गांव में मंगलवार को एक स्पेक्टिकल कोबरा (नाग सांप) के घर के आंगन में पहुंचने से लोगों में हड़कंप मच गया. सांप जंगल की ओर से भटकते हुए प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा के घर तक पहुंच गया था. उन्होंने सावधानीपूर्वक सांप को रेस्क्यू किया और बाद में सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया.
प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने बताया कि यह उनका दूसरा सफल सांप रेस्क्यू है. इससे पहले उन्होंने एक अजगर को भी सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर वन विभाग को सौंपा था. उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में सांप अपने प्राकृतिक आवास से निकलकर कई बार घरों और आबादी वाले इलाकों तक पहुंच जाते हैं. ऐसे में लोगों को घबराने के बजाय सावधानी बरतनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि सांप पर्यावरण और प्रकृति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं. इसलिए उन्हें मारने के बजाय सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर प्राकृतिक आवास में छोड़ने का प्रयास किया जाना चाहिए. उन्होंने लोगों से सांप को छेड़ने या खुद पकड़ने का प्रयास नहीं करने की अपील की, क्योंकि ऐसा करना जानलेवा हो सकता है.
उन्होंने लोगों को सलाह दी कि रात में सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें और अंधेरे में घर से बाहर निकलते समय टॉर्च का उपयोग करें. खेतों में जाते समय जूते-चप्पल पहनें और सावधानी के लिए लाठी साथ रखें. सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या ओझा-गुनी के चक्कर में न पड़ें और तत्काल अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार कराएं.
