बानो. प्रखंड के हुरदा गांव में पारंपरिक सरना पूजा का आयोजन श्रद्धा व उत्साह के साथ किया गया. मौके पर सरना स्थल पर सोहराई पाहन व जतरू पुजारी ने पूजा-अर्चना संपन्न करायी. पूजा के दौरान गांव की सुख-समृद्धि, अच्छी बारिश व बेहतर फसल तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की कामना की गयी. ग्रामीणों ने सरना धर्म व संस्कृति की परंपराओं को कायम रखने का संकल्प लिया. कार्यक्रम को सफल बनाने में सुरेंद्र सिंह, रामचंद्र सिंह, शिवचरण सिंह, फिरन सिंह, मदन सिंह, रामप्रसाद सिंह, बिरसा सिंह, फुचू सिंह, ज्योति सिंह, सुखराम मुंडा, बुधवा मुंडा, कोच मुंडा, राम बड़ाइक, शंकर साहू, अमृत साहू व दशरथ अहीर समेत अन्य ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
जलडेगा. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किये जा रहे ओड़गा रेलवे स्टेशन में महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर स्टेशन मास्टर ओड़गा के माध्यम से रांची रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक को ज्ञापन को सौंपा गया. भाजपा नेता सुजान जोजो के नेतृत्व में सौंपे गये ज्ञापन में कहा गया है कि ओड़गा रेलवे स्टेशन को वर्तमान में अमृत भारत रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है. क्षेत्र के हजारों यात्री शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय, चिकित्सा समेत अन्य आवश्यक कार्यों के लिए प्रतिदिन रेल यात्रा करते हैं. इसके बावजूद कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का यहां ठहराव नहीं होने से यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. ज्ञापन में विशेष रूप से संबलपुर–गोरखपुर एक्सप्रेस के ओड़गा स्टेशन पर ठहराव की मांग की गयी है.
