सिमडेगा. ससुराल में दरवाजा नहीं खोलने से नाराज दामाद ने दरवाजा तोड़कर सास-ससुर पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया. घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये. मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कोलेबिरा पुलिस ने प्राथमिकी के नामजद आरोपी मंगरा सुरीन (50 वर्ष) रामपुर रामडीह थाना निवासी को गिरफ्तार कर लिया. मंगरा सुरीन मुंबई में मजदूरी करता है. वह 11 सितंबर की रात अपने ससुराल ग्राम बोकबा आया था. रात में दरवाजा खुलवाने के दौरान सास, ससुर और पत्नी ने दरवाजा नहीं खोला. इससे आक्रोशित होकर उसने दरवाजा तोड़ दिया. इसके बाद सास-ससुर के साथ गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से हमला कर दिया. हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोलेबिरा में भर्ती कराया गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गयी. टीम ने नामजद आरोपी मंगरा सुरीन को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त करीब चार फीट लंबी लोहे की रॉड भी बरामद की है. गिरफ्तार आरोपी को 12 सितंबर को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
