सिमडेगा. महाबुआंग थाना के सुतरौली आराहसा गांव में शादी समारोह के दौरान एक युवक की पत्थर से सिर कूच कर हत्या कर दी गयी थी. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इस संबंध में प्रेस काॅन्फ्रेंस आयोजित कर एसडीपीओ बैजू उरांव ने बताया कि घटना 13 फरवरी 2026 की रात की है. सुतरौली आराहसा निवासी बिरसा तोपनो के घर उनके छोटे भाई रंजीत तोपनो का शादी समारोह आयोजित था. समारोह में शामिल होने के लिए उनका छोटा ममेरा भाई 20 वर्षीय प्रदीप बारला (पिता- बुदू बारला, निवासी कुलबुरू डुमरटोली, थाना कुरकुरा, जिला गुमला) भी आया था. उन्होंने बताया की 13/14 फरवरी की रात बिरसा तोपनो के घर के पास डीजे लगा कर अतिथि व आसपास के ग्रामीण नाच-गान कर रहे थे. इस दौरान प्रदीप बारला भी डांस कर रहा था. अगले दिन 14 फरवरी की सुबह प्रदीप बारला का शव बिरसा तोपनो के घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर खेत में पड़ा मिला. अज्ञात अपराधियों ने पत्थर से सिर कुचल कर हत्या कर दी थी. इस संबंध में महाबुआंग थाना में अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था. घटनास्थल से खून लगा पत्थर बरामद किया गया था. अनुसंधान के क्रम में पुलिस को जानकारी मिली कि हत्या में अप्राथमिकी अभियुक्त आसियन तोपनो, पिता अंधरियस तोपनो, निवासी सुमिनबेड़ा ओंगाटोली तथा अजय सुरीन, पिता विलियम सुरीन, निवासी बेड़ाइरगी राजाटोली, दोनों थाना महाबुआंग की संलिप्तता हैं. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. छापेमारी दल में थाना प्रभारी टिंकू कुमार वर्मा, सअनि कौशल किशोर सिंह, हवलदार दाऊद मुंडू व हवलदार रघुनंदन साहू शामिल थे.
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।