पाइप चोरी करते तीन गिरफ्तार, ट्रक समेत 53 पाइप जब्त
पाइप चोरी करते तीन गिरफ्तार, ट्रक समेत 53 पाइप जब्त
बोलबा. प्रखंड मुख्यालय स्थित मालसाड़ा गांव में ग्रामीण जलापूर्ति योजना के तहत लगाये जाने वाले बड़े पाइपों की चोरी करते हुए बोलबा पुलिस ने तीन आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी देर रात ट्रक पर पाइप लोड कर फरार होने की कोशिश कर रहे थे. थाना प्रभारी देवीदास मुर्मू ने बताया कि बुधवार की देर रात करीब तीन बजे जलापूर्ति योजना के सुपरवाइजर रवि सिंह ने सूचना दी की छत्तीसगढ़ नंबर के ट्रक (सीजी-10बीआर-5969) में योजना के पाइप चोरी कर लोड किये जा रहे हैं. ट्रक में 150 एमएम के 40 पाइप तथा 100 एमएम के 13 पाइप, कुल 53 पाइप लोड किये गये थे. सूचना मिलते सुपरवाइजर रवि सिंह केरसई से घटनास्थल के लिए रवाना हुए और मौके पर पहुंचने से पहले ही पाइप लेकर जा रहे ट्रक को रुकवा लिया. इसके बाद बोलबा थाना को सूचना दी गयी. रवि सिंह ने पुलिस को बताया कि बोलबा प्रखंड में ग्रामीण जलापूर्ति योजना का कार्य मोकवीस इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड, रांची द्वारा कराया जा रहा है, जबकि इसके ठेकेदार सौरभ सिंह हैं. सूचना मिलते पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिव शंकर गेडामो, राकेश मिश्रा निवासी बिलासपुर छत्तीसगढ़ तथा बोरजो मांझी निवासी राजगामपुर ओड़िशा के रूप में हुई है. पूछताछ में बोरजो मांझी ने बताया कि उसे राजगामपुर स्टेशन के समीप रहने वाले एक व्यक्ति ने पाइप लाने के लिए भेजा था. पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है.