सबकी जुबां पर एक ही नाम, जय श्रीराम... से गूंजा शहर

जिले में रामनवमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया.

प्रतिनिधि, सिमडेगा

जिले में रामनवमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया. इस अवसर पर विभिन्न इलाकों में काफी उल्लास के साथ रामनवमी का जुलूस निकाला गया तथा शस्त्र चालन का प्रदर्शन किया गया. विशेष रूप से शहरी क्षेत्र में काफी उत्साह के साथ जुलूस निकाला गया. रामनवमी प्रबंधक समिति के तत्वावधान में रामनवमी के जुलूस की शुरुआत महावीर चौक से की गयी. सभी अखाड़ों के लोग महावीर चौक में जमा हुए. यहां से सामूहिक रूप से एक साथ मिल कर जुलूस निकाला गया. जुलूस में शामिल लोग महावीरी झंडा हाथों में पकड़े हुए थे तथा जय श्रीराम , जय बजरंग बली के नारे लगा रहे थे. जुलूस के दौरान जगह-जगह शस्त्र चालन का प्रदर्शन भी किया जा रहा था. जुलूस में शामिल लोग मुख्य पथ, नीचे बाजार , भट्टीटोली होते हुए रामनगर तक गये. यहां से पुन: वापस मुख्य पथ, झूलन सिंह चौक होते हुए सामटोली तक गये. सामटोली से लौट कर जुलूस में शामिल लोग प्रिंस चौक तक गये. इस बीच कई जगहों पर युवकों ने आकर्षक शस्त्र चालन का प्रदर्शन किया. जुलूस में शामिल लोग पारंपरिक हथियार अपने हाथों में लिये हुए थे. जुलूस में कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने भी भाग लिया. उनका स्वागत समिति के सदस्यों ने किया. जुलूस का नेतृत्व रामनवमी प्रबंधन समिति के संरक्षक डीडी सिंह, श्यामलाल शर्मा, अमरनाथ बामलिया, संजय ठाकुर, कौशल राज सिंह देव, अध्यक्ष प्रदीप कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष हरि सिंह, अनूप केसरी, दीपक पूरी,सचिव संजय शर्मा, दीपक अग्रवाल, नवीन सिंह, मुकेश वर्णवाल, राजकुमार गुप्ता, नरेश शर्मा, विकास वर्मा, अमित अग्रवाल आदि कर रहे थे.

मुहर्रम कमेटी सहित जगह-जगह किया गया स्वागत

रामनवमी शोभायात्रा के दौरान भट्टीटोली में मुहर्रम कमेटी ने सभी अखाड़ों के पदाधिकारियों को शॉल ओढ़ा कर स्वागत किया. इसके अलावा जगह-जगह कई समाजसेवी संस्थान व समाजसेवियों ने जगह-जगह सड़क की दोनों और शीतल पेयजल एवं अल्पाहार की व्यवस्था की गयी थी. महावीर चौक में कृष्णा हार्डवेयर के बाहर समाजसेवी पवन जैन के नेतृत्व में रजनीश चांदीवाला, शरद बामलिया ने अल्पाहार की व्यवस्था, बाबा होटल भी शीतल पेय खिचड़ी की व्यवस्था, आनंद भवन के बाहर मारवाड़ी युवा मंच एवं नीचे बाजार स्थित शाहा होटल एवं पेट्रोल पंप के बाहर दीपक अग्रवाल के परिवार की ओर से शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल , अल्पाहार की व्यवस्था की गयी थी.

सुरक्षा के थे पुख्ता इंतजाम

रामनवमी के जुलूस के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. जगह जगह पुलिस कर्मियों की तैनाती की गयी थी. ड्रॉन कैमरे से पूरे जुलूस की निगरानी की जा रही थी. वीडियोग्राफी भी किया जा रहा था. विधि व्यवस्था संघारण का नेतृत्व एसडीओ प्रभात रंजन ज्ञानी, एसडीपीओ बैजु उरांव, डीएसपी रणवीर सिंह,थाना प्रभारी विनोद पासवान, सीओ मो इमतियाज अहमद, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संदीप बोदारा आदि कर रहे थे. इस दौरान एसपी सौरभ कुमार ने घूम घूम कर विधि व्यवस्था का जायजा लिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By DEEPAK

DEEPAK is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >