सिमडेगा. उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय समिति तथा बच्चों में नशीली पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम व अवैध तस्करी नियंत्रण से संबंधित संयुक्त कार्य योजना की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में बच्चों को नशे से सुरक्षित रखने और अवैध मादक पदार्थ कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विभागवार प्रगति की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने नारकोटिक्स अधिनियम के तहत अब तक की गयी कार्रवाई, गांजा जब्ती और चल रहे अभियानों की स्थिति की समीक्षा करते हुए प्रवर्तन कार्यों को और अधिक सख्त करने के निर्देश दिये. उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोटपा के प्रावधानों के अनुसार सभी सरकारी व निजी विद्यालयों के 200 मीटर के दायरे में तंबाकू और मादक पदार्थों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित होनी चाहिए. इस संबंध में शिक्षा विभाग को निर्देश दिया गया कि सभी विद्यालयों से प्रमाणित रिपोर्ट प्राप्त की जाये, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि निर्धारित परिधि में किसी प्रकार की अवैध बिक्री नहीं हो रही है. इसके अलावा दवा दुकानों पर विशेष निगरानी रखने, दवाओं की अवैध बिक्री पर कठोर कार्रवाई करने तथा नियमित छापेमारी अभियान चलाने के भी निर्देश दिये गये. उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया. बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला नियोजन पदाधिकारी सहित सामान्य शाखा के कर्मी उपस्थित थे.
निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें: डीसी
सिमडेगा में नारकोटिक्स नियंत्रण को लेकर सख्ती
