सिमडेगाः जिले में संचालित विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं और कार्य स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस ने व्यापक सुरक्षा ऑडिट अभियान चलाया. एसपी के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना और ओपी क्षेत्रों में यह अभियान संचालित किया गया.
सुरक्षा मानकों का गहन निरीक्षण
सुरक्षा ऑडिट के दौरान पुलिस टीम ने निर्माण स्थलों पर कार्यरत मजदूरों और कर्मचारियों की सुरक्षा, निर्माण सामग्री व मशीनरी की सुरक्षा व्यवस्था, रात्रिकालीन सुरक्षा प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही, आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र और संवेदनशील स्थलों की निगरानी समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं का गहन निरीक्षण किया.
निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों को सख्त निर्देश
निरीक्षण के बाद संबंधित निर्माण एजेंसियों, संवेदकों और साइट प्रबंधकों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए. मौके पर पुलिस ने कार्यस्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने को कहा. पुलिस अधिकारियों ने निर्माण स्थलों पर कार्यरत मजदूरों और कर्मचारियों की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया.
लगातार जारी रहेंगे निगरानी अभियान
साथ ही सभी निर्माण स्थलों पर रात्रिकालीन गश्त व निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए. ताकि किसी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सकें. पुलिस प्रशासन ने कहा कि जिले में संचालित विकास परियोजनाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से इस तरह के सुरक्षा ऑडिट और निगरानी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे.
