सिमडेगा. गणतंत्र दिवस पर नगर भवन सिमडेगा में सम्मान समारोह व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. मौके पर विधायक नमन विक्सल कोंनगाड़ी, विधायक भूषण बाड़ा, प्रधान जिला जज एवं सत्र न्यायाधीश राजीव कुमार सिन्हा, उपायुक्त कंचन सिंह, उपविकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, वन प्रमंडल पदाधिकारी शशांक शेखर सिंह, अपर समाहर्ता श्री ज्ञानेंद्र समेत अन्य वरीय पदाधिकारियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया. सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बालिका उत्कृष्ट विद्यालय सिमडेगा, उर्दूलाइन बालिका इंटर कॉलेज सामटोली, ब्रिलिएंटस हाइस्कूल, संत जोंस इंग्लिश मीडियम स्कूल, जूनियर कैंब्रिज स्कूल, सिमडेगा कॉलेज सिमडेगा, केजीबीवी सिमडेगा, बिरसा आवासीय स्कूल सलडेगा, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर सलडेगा, जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय सिमडेगा के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया. साथ ही गणतंत्र दिवस पर आयोजित परेड व झांकी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को सम्मानित किया गया. झांकी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान जिला परिवहन कार्यालय को प्राप्त हुआ. द्वितीय पुरस्कार संयुक्त रूप से कृषि, भूमि संरक्षण, पशुपालन एवं मत्स्य कार्यालय को दिया गया. तृतीय पुरस्कार कल्याण विभाग को मिला. परेड प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार प्लाटून नंबर दो, जिला बल महिला सशस्त्र सिमडेगा को प्रदान किया गया. द्वितीय पुरस्कार प्लाटून नंबर सात महाविद्यालय एनसीसी (पुरुष वर्ग) को तथा तृतीय पुरस्कार प्लाटून नंबर नौ उर्सुलाइन कॉन्वेंट स्कूल को मिला. इस अवसर पर जिले के झारखंड आंदोलनकारियों को भी उनके योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. इसके अलावा विभिन्न कार्यालयों में योजनाओं व कार्यों के सफल क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों व कर्मियों को सम्मानित किया गया. स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत विभिन्न पदों पर नवनियुक्त कुल 30 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गये. संचालन मनोज कुमार सिन्हा ने किया. कार्यक्रम में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं समेत अन्य लोग उपस्थित थे.
प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर किया गया सम्मानित
प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर किया गया सम्मानित
