सिमडेगा. विधानसभा सत्र के दौरान विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने जिले के जलडेगा प्रखंड को जोड़ने वाली मुख्य पहुंच मार्ग की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि यह सड़क एनएच- 143 से पंडरीपानी से गांगूटोली होते हुए जलडेगा प्रखंड तक जाती है, जो पुरानी और संकरा होने के कारण आये दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रही है. उन्होंने कहा कि सिमडेगा जिले के कुल 10 प्रखंडों के पहुंच मार्गों में यह एकमात्र ऐसा मार्ग है, जो अब भी सिंगल लेन और अत्यधिक संकीर्ण है. इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है और दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है. विधायक ने सदन में कहा कि इस सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए डीपीआर पहले से तैयार है, लेकिन अब तक इसे स्वीकृति नहीं मिल सकी है. उन्होंने सरकार से इस डीपीआर को शीघ्र मंजूरी देने की मांग करते हुए कहा कि सड़क का विस्तार क्षेत्रीय विकास और सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक है. उन्होंने जोर देकर कहा कि मार्ग के चौड़ीकरण से न केवल दुर्घटनाओं में कमी आयेगी, बल्कि ग्रामीणों को बेहतर संपर्क सुविधा भी मिलेगी.
जनता दरबार लगा सुनी जनता की समस्याएं
सिमडेगा. आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित व प्रभावी निवारण के उद्देश्य से एसपी कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया गया. इस दौरान एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिये. जनता दरबार में जितेंद्र प्रसाद, रंजना कुमारी समेत अन्य लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं. एसपी ने मामलों के शीघ्र निष्पादन करने का आश्वासन दिया.
