अध्यक्ष व वार्ड पार्षद के 101 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज

सिमडेगा कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र में सुबह आठ बजे से शुरू होगी मतगणना, सभी तैयारियां पूरी

सिमडेगा. सिमडेगा कॉलेज परिसर स्थित मतगणना केंद्र में मतों की गिनती शुक्रवार को सुबह आठ बजे से शुरू हो जायेगी. मतगणना को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. मतगणना को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना कार्य संपन्न कराया जायेगा. मतगणना के साथ ही अध्यक्ष व वार्ड पार्षद के 101 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला हो जायेगा. मतगणना के लिए चार काउंटिंग हॉल बनाये गये हैं. प्रत्येक हॉल में छह-छह टेबल समेत कुल 24 टेबल बनाये गये हैं. प्रत्येक टेबल पर तीन-तीन मतगणना कर्मी होंगे, जो मतों की गिनती करेंगे. मतगणना को लेकर सभी व्यवस्थाएं समय पूर्व कर लिया गया है. प्रत्याशियों व एजेंटों के बैठने की अलग-अलग व्यवस्था की गयी है. प्रशासनिक पदाधिकारियों व मीडिया कर्मियों के लिए भी सभी व्यवस्थाएं की गयी हैं.

डीसी व एसपी ने लिया सुरक्षा का जायजा

एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने मतगणना केंद्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने मतदान प्रक्रिया में शामिल व प्रतिनियुक्त सभी पुलिस पदाधिकारियों, सुरक्षा बलों तथा कर्मियों को उनके प्रतिनियुक्ति स्थान पर जाकर उनके दायित्वों के संबंध में विस्तार से बताया. प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों व कर्मियों को विशेष सावधानी व सतर्कता के साथ अपने दायित्वों को निर्वाह्न करने का निर्देश दिया. साथ ही अपने आस-पास विशेष निगरानी रखने को कहा, ताकि बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्ण मतगणना कार्य संपन्न करया जा सके. डीसी कंचन सिंह और एसपी श्रीकांत एस खोटरे गुरुवार को वज्रगृह का निरीक्षण किया. दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. वज्रगृह की सुरक्षा के लिए आइआरबी समेत पर्याप्त पुलिस बल तैनात किये गये हैं. पूरे मतदान केंद्र में तीन लेयर सुरक्षा घेरा बनाया गया है, जिसमें बाहरी और आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था शामिल हैं. परिसर में 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है. आज मतगणना में प्रतिनियुक्त होने वाले सभी कर्मियों और पुलिस पदाधिकारियों को डीसी और एसपी ने समझाते हुए मतगणना और मतगणना के दौरान विधि व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिये. डीसी और एसपी ने मतगणना स्थल का निरीक्षण करते हुए सभी को उनकी ड्यूटी समझाया. इस दौरान बताया गया कि सिमडेगा कॉलेज के पूर्वी गेट से मतदान कर्मी, अधिकारी आदि प्रवेश कर सकेंगे. वहीं मीडिया कर्मी आदि सिमडेगा कॉलेज के पश्चिमी गेट से प्रवेश करेंगे. मीडिया कर्मियों के लिए वाहन पार्किंग वाहन कोषांग के पास बनाया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >