सब-जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप में एसटीसी सिमडेगा चैंपियन

जिला स्थापना के रजत जयंती महोत्सव के अवसर पर आयोजित 7वीं सब-जूनियर सिमडेगा जिला महिला हॉकी चैंपियनशिप का चार दिवसीय आयोजन रविवार को फाइनल मुकाबले और पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न हो गया.

वरीय संवाददाता

सिमडेगा. जिला स्थापना के रजत जयंती महोत्सव के अवसर पर आयोजित 7वीं सब-जूनियर सिमडेगा जिला महिला हॉकी चैंपियनशिप का चार दिवसीय आयोजन रविवार को फाइनल मुकाबले और पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न हो गया. जिला प्रशासन (खेल शाखा) और हॉकी सिमडेगा के संयुक्त तत्वावधान में न्यू अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम एवं एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में 30 अप्रैल से तीन मई तक प्रतियोगिता हुई. फाइनल मुकाबले में एसटीसी सिमडेगा ने एसटीसी लचरागढ़ को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया. तीसरे स्थान के लिए खेले गये मैच में लोंबोई टीम ने यूसी रेंगारी को 2-0 से पराजित कर कांस्य पदक हासिल किया.

प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों की कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया. जिनमें 16 वर्ष से कम आयु वर्ग की 288 महिला खिलाड़ियों ने भागीदारी की. चार दिनों में कुल 32 मैच खेले गये. जिसमें 24 लीग मैच और 8 नॉकआउट मुकाबले शामिल रहे.सेमीफाइनल मुकाबलों में एसटीसी सिमडेगा ने लोंबोई को 4-0 से और एसटीसी लचरागढ़ ने यूसी रेंगारी को 3-0 से हराकर फाइनल में जगह बनायी. पुरस्कार वितरण समारोह में एसपी श्रीकांत एस खोटरे एवं उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. उन्होंने विजेता, उपविजेता एवं तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को ट्रॉफी, मेडल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया.

व्यक्तिगत पुरस्कार विजेता:

इमर्जिंग प्लेयर: मुनि टोपनो (लोंबोई)

बेस्ट गोलकीपर: संजना बड़ाइक (रेंगारी)

प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: रेशमा कुमारी (एसटीसी लचरागढ़)

बेस्ट प्लेयर (फाइनल): रितिका डुंगडुंग (एसटीसी सिमडेगा)

बेस्ट प्लेयर (तीसरा व चौथा मैच): रीना कुमारी (लोंबोई).

आयोजन को सफल बनाने में जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार, हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी सहित खेल विभाग के अधिकारियों, तकनीकी सदस्यों और प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. आयोजन समिति द्वारा तकनीकी सदस्यों और मेडिकल टीम को टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By VIKASH NATH

VIKASH NATH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >