अनुशासन, एकता और भाईचारे की भावना सिखाता है खेल: विधायक

हॉकी प्रतियोगिता का उदघाटन विधायक सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूषण बाड़ा एवं विशिष्ट अतिथि जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने संयुक्त रूप से किया

कुडरूम में हॉकी टूर्नामेंट का उदघाटन सिमडेगा. सदर प्रखंड के बड़ाबरपानी पंचायत के कुडरूम में हॉकी प्रतियोगिता का उदघाटन विधायक सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूषण बाड़ा एवं विशिष्ट अतिथि जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने संयुक्त रूप से किया. इस मौके पर विधायक और जिप सदस्य ने खिलाड़ियों को जर्सी भेंट की. उदघाटन मैच सुतराम बनाम वीरकेरा के बीच खेला गया. रोमांचक मुकाबले में सुतराम की टीम 2–1 से विजयी रही. मौके पर विधायक ने कहा कि सिमडेगा की पहचान हॉकी से है. यह गर्व की बात है कि हमारे गांव–गांव में खेल की यह परंपरा आज भी जीवंत है. खेल न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाता है, बल्कि अनुशासन, एकता और भाईचारे की भावना भी सिखाता है. आज कुडरूम के खिलाड़ियों के जोश को देखकर विश्वास होता है कि सिमडेगा आने वाले दिनों में हॉकी की नयी प्रतिभाएं देश को देगा. उन्होंने कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. हर पंचायत में खेल का मैदान और खेल सामग्री उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है. ग्रामीण युवाओं की ऊर्जा को खेल के माध्यम से सकारात्मक दिशा देना हमारा लक्ष्य है. मौके पर जिप सदस्य सामरोम पौल तोपनो, उप प्रमुख सिलबेस्टर बघवार, मरियानुस डुंगडुंग, सिलबेस्टरसुत केरकेट्टा, जसिंता डुंगडुंग, प्रतिमा कुजूर, उर्मिला केरकेट्टा, शोभेन तिग्गा, विजय किंडो, अशोक तिर्की, समीर कुल्लू समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी मौजूद थे. बॉक्स अनुशासन और मेहनत के साथ खेलें: जोसिमा खाखा जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने कहा कि खेल सिर्फ जीत और हार का नाम नहीं, यह आत्मविश्वास और सामुदायिक विकास का प्रतीक है. हमारे गांव की बेटियाँ और बेटे जब मैदान में उतरते हैं, तो वह पूरे सिमडेगा का नाम रोशन करते हैं. मैं सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देती हूं कि वह अनुशासन और मेहनत के साथ खेलें. उन्होंने कहा कि माता-पिता को चाहिए कि वह अपने बच्चों को खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें, क्योंकि खेल ही स्वस्थ समाज और उज्जवल भविष्य की नींव रखता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH NATH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >