सिमडेगा. पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अपराध विश्लेषण एवं नियंत्रण विंग में प्रतिनियुक्त पुलिस अवर निरीक्षक (पुअनि) सोनू पाठक को सितंबर के लिए ‘पुलिसमैन ऑफ द मंथ : सिमडेगा पुलिस’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया. पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे ने उन्हें उत्कृष्ट टर्नआउट, कर्तव्यपरायणता और सकारात्मक एवं नैतिक सोच के लिए सम्मानित किया.
सिमडेगा पुलिस की ओर से पुलिसकर्मियों और पदाधिकारियों में बेहतर कार्य के प्रति उत्साह और मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से ‘पुलिसमैन ऑफ द मंथ’ पुरस्कार की शुरुआत की गयी है. इसके तहत प्रत्येक माह उत्कृष्ट कार्य, बेहतर ड्यूटी, अनुशासन, टर्नआउट और सकारात्मक कार्यशैली के आधार पर पुलिसकर्मी या पदाधिकारी का चयन किया जाता है.
इसी क्रम में 12 सितंबर को सोनू पाठक का चयन सितंबर माह के लिए किया गया. उन्हें पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्मानित किया गया. चयनित पुलिसकर्मी की तस्वीर पूरे महीने संबंधित थाना, ओपी या प्रतिष्ठान के सूचना पट पर प्रदर्शित की जाएगी. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को अपनी ड्यूटी पूरी लगन, अनुशासन और कुशलता के साथ करने के लिए प्रोत्साहित करना है. साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सार्वजनिक रूप से सम्मान देकर अन्य पुलिसकर्मियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है.
