सिमडेगाः पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे ने साइबर अपराध और आइटी एक्ट से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा की. बैठक में उन्होंने साइबर अपराध के मामलों का त्वरित निष्पादन, आरोपियों की गिरफ्तारी और ठगी के शिकार पीड़ितों को उनकी राशि वापस दिलाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. एसपी ने आइटी एक्ट से संबंधित सभी लंबित मामलों की जांच में तेजी लाते हुए प्राथमिकता के आधार पर चार्जशीट दाखिल करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चिह्नित साइबर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए.
ये भी पढ़ें- बंद कमरे में मच्छर अगरबत्ती जलाकर सोया परिवार, चार बेहोश; 3 की हालत गंभीर
पीड़ितों की फ्रीज राशि वापस कराने पर जोर
एसपी ने साइबर ठगी के मामलों में पीड़ितों की होल्ड या फ्रीज करायी गयी राशि को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अधिकतम सीमा तक वापस कराने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को जल्द राहत पहुंचाने का निर्देश दिया. बैठक में पुलिस निरीक्षक, सिमडेगा और कुरडेग अंचल, थाना प्रभारी टी. टांगर, मुफस्सिल थाना, साइबर सेल के पदाधिकारी समेत जिले के अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे.
