कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराना हम सभी की जिम्मेवारी

मैट्रिक व इंटरमीडिएट परीक्षा के सफल संचालन को लेकर डीसी ने की बैठक

सिमडेगा. समाहरणालय भवन के सभागार में उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में वार्षिक माध्यमिक व इंटरमीडिएट परीक्षा के सफल संचालन को लेकर बैठक हुई. इसमें शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि तथा जिले के सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षक उपस्थित थे. बैठक में उपायुक्त ने मैट्रिक व इंटर परीक्षा के सफल, निष्पक्ष व कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर दिशा-निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेवारी है. इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से सुनिश्चित करना अनिवार्य है. किसी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उपायुक्त ने जानकारी दी कि मैट्रिक परीक्षा में कुल 8757 परीक्षार्थी जिले एवं प्रखंड स्तर पर बनाये गये 21 परीक्षा केंद्रों पर शामिल होंगे. इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए जिला स्तर पर पांच परीक्षा केंद्र निर्धारित किये गये हैं, जिनमें कुल 6013 परीक्षार्थी परीक्षा में भाग लेंगे. इस प्रकार मैट्रिक व इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 14,770 परीक्षार्थी शामिल होंगे. मैट्रिक व इंटरमीडिएट की परीक्षा तीन फरवरी से 23 फरवरी 2026 तक संचालित होगी. उपायुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, बेंच-डेस्क, शौचालय एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन समेत किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा. परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए प्रशासन व पुलिस विभाग को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने सभी बैंकों को प्रश्नपत्र व उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित भंडारण की जिम्मेदारी सख्ती से निभाने का निर्देश दिया. साथ ही किसी प्रकार की लापरवाही पर आवश्यक कार्रवाई करने की चेतावनी दी. परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार पर हेल्प डेस्क स्थापित करने, केंद्र का मानचित्र प्रदर्शित करने तथा बेंच-डेस्क पर विद्यार्थियों के रोल नंबर अंकित करने के निर्देश दिया गया. इसके अलावा जिला शिक्षा अधीक्षक को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि प्रत्येक परीक्षार्थी को परीक्षा से पूर्व अपने परीक्षा केंद्र की पूरी जानकारी उपलब्ध हो, ताकि केंद्र खोजने में किसी प्रकार की परेशानी न हो. सभी मजिस्ट्रेट, केंद्राधीक्षक एवं शिक्षकों को समय का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समय पर अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर रिपोर्टिंग करने का निर्देश दिया गया. साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों को गूगल लोकेशन में दर्ज करने की बात कही गयी. बैठक में अपर समाहर्ता श्री ज्ञानेंद्र, डीएसपी रणवीर सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात रंजन ज्ञानी, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिलेश केरकेट्टा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बैजू उरांव, जिला कोषागार पदाधिकारी, सभी बीडीओ, केंद्राधीक्षक, बैंक अधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >