तेल, सूजी व घी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजा

होली व रोजे के पवित्र माह को देख खाद्य सुरक्षा विभाग ने कई प्रतिष्ठानों में की छापेमारी

सिमडेगा. होली और रोजे के पवित्र माह को देखते हुए जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने निगरानी और सख्ती बढ़ा दी है. जनस्वास्थ्य की सुरक्षा तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को शहर के विभिन्न इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया गया. खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी के नेतृत्व में चली कार्रवाई के दौरान कई किराना प्रतिष्ठानों की जांच की गयी. टीम ने मेसर्स निखिल इंटरप्राइजेज, मेसर्स कृष्ण कांति इंटरप्राइजेज और मेसर्स मणिराम अग्रवाल दुकान समेत अन्य दुकानों में पहुंच कर साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था, एक्सपायरी तिथि, पैकेजिंग और लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की. जांच के क्रम में मेसर्स मणिराम अग्रवाल दुकान से खाद्य तेल, मेसर्स कृष्ण कांति इंटरप्राइजेज से सूजी तथा मेसर्स निखिल इंटरप्राइजेज से घी का नमूना संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजा गया है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी.

फल विक्रेताओं को विशेष चेतावनी

अभियान के दौरान फल विक्रेताओं को भी सख्त चेतावनी दी गयी. खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने कहा कि फलों को कृत्रिम रूप से कैल्शियम कार्बाइड से पकाना पूरी तरह प्रतिबंधित है. ऐसा करते पाये जाने पर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई की जायेगी. अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की आशंका बढ़ जाती है. इसको देखते हुए विभाग लगातार निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान चला रहा है. आमजनों से भी अपील की गयी है कि किसी भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >