प्राकृतिक आपदाओं में मृतकों के परिजनों को दी गयी सहायता राशि

59 लाभुकों को कुल 1.61 करोड़ रुपये के चेक वितरित

सिमडेगा. गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, झारखंड सरकार अंतर्गत जिला प्रशासन ने प्राकृतिक आपदाओं में मृत व्यक्तियों के आश्रितों और हकदारों को आर्थिक सहायता प्रदान की. समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त कंचन सिंह ने लाभुकों को डेमो चेक वितरित किये. कार्यक्रम के दौरान ग्रीष्म लहर, वज्रपात, पानी में डूबने, सर्पदंश और सड़क दुर्घटना जैसी घटनाओं में मृतक परिजनों को मुआवजा राशि प्रदान की गयी. इस अवसर पर कुल 59 लाभुकों को सहायता प्रदान की गयी, जिसमें 25 लाभुकों को एक-एक लाख रुपये और 34 लाभुकों को चार-चार लाख रुपये के चेक दिये गये. इस प्रकार कुल 1.61 करोड़ रुपये की अनुदान राशि वितरित की गयी. उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि किसी भी आपदा में हुई क्षति की पूर्ण भरपाई संभव नहीं होती, खासकर जब परिवार का कमाने वाला सदस्य खो जाता है. ऐसे समय में परिवारों को कई आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत सहायता राशि प्रदान करती है, ताकि प्रभावित परिवारों को कुछ राहत मिल सके. उन्होंने बताया कि कई बार लोग इन योजनाओं की जानकारी न होने के कारण लाभ से वंचित रह जाते हैं. इसलिए कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सहायता वितरण नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करना भी है. उपायुक्त ने लाभुकों से अपील की कि वे अपने आसपास के लोगों को भी इन योजनाओं की जानकारी दें, ताकि किसी भी आपदा के समय प्रभावित परिवार समय पर सरकारी सहायता प्राप्त कर सके. इस अवसर पर अपर समाहर्ता ज्ञानेंद्र, जिला जन-संपर्क पदाधिकारी पलटू महतो, सभी प्रखंडों के हल्का कर्मचारी और बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >