सिमडेगा. उपायुक्त कंचन सिंह ने रामरेखा धाम का भ्रमण कर परिसर में चल रही विकास योजनाओं का जायजा लिया. मौके पर उन्होंने प्रशासनिक पदाधिकारियों व रामरेखा धाम समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर समग्र, सुनियोजित एवं चरणबद्ध तरीके से धाम के पर्यटन विकास को गति देने पर चर्चा की. उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि रामरेखा धाम को एक भव्य, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा. इसके लिए एक समर्पित सोसाइटी का गठन करने का भी निर्देश दिया गया. विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं का क्रियान्वयन वैज्ञानिक व व्यावहारिक दृष्टिकोण से किया जाये, ताकि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और दीर्घकालीन उपयोगिता सुनिश्चित हो सके. उन्होंने योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से समयबद्ध रूप में पूरा करने पर जोर दिया, जिससे यह स्थल राज्य ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सके. मंदिर एवं मुख्य गुफा के प्रवेश द्वार और सीढ़ियों को भव्य स्वरूप देने के लिए सैंड स्टोन ग्रेनाइट के उपयोग का निर्देश दिया गया. श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश व निकासी के लिए अलग-अलग मार्ग विकसित किये जायेंगे. मंदिर परिसर के समीप स्थित यज्ञशाला और प्रसाद भवन को वर्तमान स्थान से पीछे स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया. वहीं संत निवास और संस्कार भवन के निर्माण के लिए परिसर के पूर्वी भाग को उपयुक्त स्थान के रूप में चिन्हित किया गया. मुख्य मंदिर के सामने स्थित हनुमान मंदिर को लेकर भी आवश्यक निर्णय लेने पर सहमति बनी. निर्माणाधीन म्यूजियम के बेसमेंट में श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए हॉल और कमरे बनाए जायेंगे, जबकि ऊपर संग्रहालय विकसित किया जायेगा. दक्षिणी छोर पर बन रहे कैफेटेरिया और शौचालयों का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने महिला व पुरुषों के लिए पृथक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये. रामरेखा से लालपुर तक निकासी मार्ग विकसित करने, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ करने, तथा डाक बंगला में जलापूर्ति बहाल करने के भी निर्देश दिये गये. साथ ही विद्युत पोलों के समुचित अधिष्ठापन और व्यवस्थित विद्युतीकरण पर जोर दिया गया. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आगामी रामरेखा महोत्सव से पूर्व सभी प्रमुख कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाये. मुख्य गुफा के समीप एक भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण करने का भी निर्णय लिया गया. मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी शशांक शेखर सिंह, उपविकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, अपर समाहर्ता ज्ञानेन्द्र, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात रंजन ज्ञानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व रामरेखा धाम समिति के सदस्य उपस्थित थे.
धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा रामरेखा धाम : उपायुक्त
रामरेखा धाम का भ्रमण कर परिसर में चल रही विकास योजनाओं का जायजा
