सिमडेगा: आगामी रक्षाबंधन पर्व को लेकर समाहरणालय परिसर के मुख्य गेट के समीप जेएसएलपीएस के पलाश महिला समूह द्वारा राखी एवं मिठाई का स्टॉल लगाया गया है. मंगलवार को उपायुक्त कंचन सिंह ने स्टॉल का अवलोकन किया.
हस्तनिर्मित राखियों की उपायुक्त ने की सराहना
उपायुक्त ने महिला समूह की सदस्यों द्वारा तैयार की गयी विभिन्न प्रकार की हस्तनिर्मित आकर्षक राखियों को देखा और उनके प्रयासों की सराहना की. राखियों की गुणवत्ता और सुंदरता देखकर उन्होंने महिलाओं का उत्साह बढ़ाया.
उपायुक्त ने कहा कि महिलाएं इसी तरह मेहनत और लगन से कार्य करते हुए और बेहतर एवं आकर्षक राखियां तैयार करें.
महिलाओं को मिल रहा रोजगार का अवसर
इस पहल से पलाश महिला समूह की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलने के साथ-साथ उनकी हस्तकला को बाजार भी उपलब्ध हो रहा है. वहीं, स्थानीय स्तर पर तैयार राखियों से रक्षाबंधन पर्व का आकर्षण भी बढ़ा है.
मौके पर नजारत उप समाहर्ता सह आपूर्ति पदाधिकारी नरेश रजक सहित अन्य उपस्थित रहे.
