सिमडेगा: जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध पर नियंत्रण रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस लगातार विशेष एंटी क्राइम वाहन चेकिंग अभियान चला रही है.
अभियान के तहत जिले के सभी थाना और ओपी क्षेत्रों समेत प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच की जा रही है. पुलिस द्वारा 29 जुलाई से एक अगस्त तक जिलेभर में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया.
जांच के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गयी. साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष निगरानी रखी गई. अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना, अवैध हथियार, मादक पदार्थों और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर रोक लगाना तथा जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है.
