सिमडेगा. सदर थाना परिसर में नवनिर्मित पुलिस गेस्ट हाउस का मंगलवार को पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे ने फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया. गेस्ट हाउस के शुरू होने से जिले के विभिन्न न्यायालयों में गवाही एवं अन्य शासकीय कार्यों के लिए बाहर से आने वाले पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को ठहरने की सुविधा मिलेगी.
एसपी ने बताया कि अन्य जिलों एवं सुदूर क्षेत्रों से पुलिसकर्मियों का लगातार सिमडेगा आगमन होता है. रात्रि विश्राम के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता था. इसी समस्या के समाधान के लिए सिमडेगा थाना परिसर में पूर्व से संचालित जन शिकायत सह सूचना केंद्र भवन का जीर्णोद्धार कर उसे आवश्यक मूलभूत सुविधाओं से युक्त पुलिस गेस्ट हाउस के रूप में विकसित किया गया है.
उद्घाटन के दौरान एसपी ने कहा कि गेस्ट हाउस की सुविधा शुरू होने से न्यायालयी गवाही और विभागीय कार्यों के लिए आने वाले पुलिसकर्मियों को काफी सहूलियत होगी. थाना परिसर में स्थित होने के कारण यह सुरक्षा और प्रशासनिक दृष्टिकोण से भी सुविधाजनक है. इससे पुलिसकर्मियों का समय और संसाधन दोनों बचेंगे.
कार्यक्रम में वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) रणवीर सिंह, परिचारी प्रवर पुलिस केंद्र, पुलिस निरीक्षक सिमडेगा अंचल, थाना प्रभारी सिमडेगा थाना, पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
