रविकांत साहू, सिमडेगा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने पिछले 18 महीनों में सघन अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है. वर्ष 2025 से जून 2026 तक जिले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत गांजा, ब्राउन शुगर, नशीली कैप्सूल तथा अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 26 कांडों का उद्भेदन किया गया है. 700 किलो से अधिक गांजा जब्त, 68 तस्कर गिरफ्तार एसपी कार्यालय की मीडिया सेल द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में 15 कांड दर्ज. इन कांडों में 582.598 किलोग्राम गांजा एवं 4.34 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गयी. इस दौरान कुल 31 तस्करों को गिरफ्तार किया गया. वर्ष 2026 6 जून तक 11 कांड दर्ज. इनमें 124.409 किलोग्राम गांजा, 34.004 किलोग्राम अफीम, 5.8 ग्राम ब्राउन शुगर, 214 नशीली कैप्सूल बरामद की गई. विशेष अभियान चलाकर 3.5 एकड़ में फैली अवैध अफीम की खेती को चिन्हित कर नष्ट किया गया. इन कांडों में कुल 37 तस्कर गिरफ्तार हुए. अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क ध्वस्त जिला पुलिस ने मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला को ध्वस्त करने के उद्देश्य से राज्य एवं राज्य के बाहर संचालित तस्करी नेटवर्क के विरुद्ध समन्वित कार्रवाई की. इसके परिणामस्वरूप कई अंतर्राज्यीय तस्कर गिरोहों का पर्दाफाश हुआ और उनके कब्जे से मादक पदार्थ व अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई. पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना तथा समाज को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाना है. मादक पदार्थों का सेवन एवं तस्करी न केवल कानूनन अपराध है बल्कि समाज, परिवार एवं युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा भी है. पुलिस की अपील किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों का सेवन न करें और न ही किसी को इसके लिए प्रोत्साहित करें, आसपास गांजा, ब्राउन शुगर, नशीली कैप्सूल/टैबलेट, अफीम या अन्य मादक पदार्थों की बिक्री, भंडारण, परिवहन या सेवन की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, अवैध अफीम या अन्य मादक फसलों की खेती की सूचना निकटतम थाना अथवा जिला पुलिस को दें, युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें. सूचना देने वालों को पुरस्कृत किया जायेगा एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान गोपनीय रखी जायेगी और उन्हें पुरस्कृत भी किया जाएगा. पुलिस ने कहा है कि मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी.
नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में 18 माह में 700 किलो से अधिक गांजा, 34 किलो अफीम बरामद
नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में 18 माह में 700 किलो से अधिक गांजा, 34 किलो अफीम बरामद
