सिमडेगा. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा जारी इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में सिमडेगा जिले ने शानदार प्रदर्शन किया है. कॉमर्स संकाय में सिमडेगा ने राज्य में प्रथम स्थान हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है. वहीं आर्ट्स (कला) संकाय में जिला तीसरे स्थान पर रहा, जबकि साइंस संकाय में सिमडेगा को 24वां स्थान मिला है. कॉमर्स में शीर्ष स्थान प्राप्त करना जिले के लिए गौरव की बात है. आर्ट्स में भी बेहतर प्रदर्शन कायम रखते हुए जिला टॉप तीन में शामिल रहा. हालांकि साइंस में प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा, जहां सुधार की जरूरत है. प्रशासन ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जतायी है. विज्ञान संकाय में सेंट मेरिज इंटर कॉलेज सामटोली के छात्र मदन कुमार गुप्ता के पुत्र निशांत कुमार ने 92.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया. सेंट मेरिज सामटोली के छात्र अखतरूल इमाम के पुत्र अफान अखतर ने 86.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान व संत पीयूष इंटर कॉलेज रेंगारीह के छात्र हरिनाथा नायक के पुत्र संजय नायक ने 83.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया. कला संकाय में एसएस उवि कोलेबिरा की छात्रा जयकांत साहू की पुत्री रानी कुमारी ने 90.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया. राजकीयकृत उवि केरसई की छात्रा अशोक प्रसाद की पुत्री स्मृति रानी ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त की जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया. वहीं एसएस उवि बानो की छात्रा अमीन अंसारी की पुत्री आसिया सिद्दिकी ने 87.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया. वाणिज्य संकाय में एसएस उवि जलडेगा के छात्र मुमताज अली के पुत्र दानिश अख्तर ने 84.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया. संत पीयूष इंटर कॉलेज रेंगारीह के छात्र जयराम पासी के पुत्र रिंकू पासी ने 83.60 प्रतिशत अंक प्राप्त की जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया. वहीं उर्सुलाइन गर्ल्स इंटर कॉलेज सामटोली की छात्रा जेरेमियस केरकेट्टा की पुत्री स्नेहा केरकेट्टा ने 82.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया.
चार्टर्ड एकाउंटेंट बनना चाहता है दानिश अख्तर
एसएस प्लस टू उवि जलडेगा के छात्र दानिश अख्तर ने वाणिज्य संकाय में जिला टॉपर बनने के बाद कहा कि वह चार्टर्ड एकाउंटेंट बनना चाहता है. उसकी इस उपलब्धि से विद्यालय और उनके परिवार में खुशी का माहौल है. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों व अपने परिवार को दिया है. दानिश के पिता मुमताज अली ने बताया कि उनका बेटा दुकान चलाने के साथ-साथ समय निकाल कर पढ़ाई करता था और आज उसने विद्यालय व परिवार का नाम रोशन किया है.
