सड़क व नाली निर्माण कार्य में अनियमितता देख भड़के विधायक

सड़क व नाली निर्माण कार्य में अनियमितता देख भड़के विधायक

सिमडेगा. कोलेबिरा से मनोहरपुर तक निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-320 जी के कार्य में अनियमितता और लापरवाही की सूचना पर विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया. निर्माण कार्य में अनियमितता देख विधायक भड़क उठे और नाराजगी जताते हुए निर्माण एजेंसी, एनएच के इंजीनियरों व केंद्र सरकार पर आरोप लगाये. विधायक ने कहा कि केंद्र सरकार की यह महत्वाकांक्षी परियोजना धरातल पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है. तीन वर्षों से लगभग 85 किमी सड़क निर्माण कार्य अटका हुआ है, जबकि अब तक 20 किलोमीटर सड़क भी पूरी नहीं हो सकी है. इस लापरवाही के कारण अब तक दर्जनों लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में जान जा चुकी है. पिछले सप्ताह ही तीन लोगों की मौत हो चुकी है. निरीक्षण के दौरान विधायक ने पाया कि सड़क को जगह-जगह उखाड़ दिया गया है. गिट्टी बिखरी है और निर्माण एजेंसी द्वारा नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है, जिससे दिनभर धूल उड़ती रहती है. नाली निर्माण का निरीक्षण करते हुए विधायक ने कहा कि नाली का लेवल कहीं ऊपर तो कहीं नीचे है. सड़क से नाली में पानी निकासी के लिए बनाये गये हॉल सड़क से एक-डेढ़ फीट ऊपर हैं, जिससे सड़क का पानी किसी स्थिति में नाली में नहीं जा सकेगा. आनेवाले समय में इससे सड़क के बीचों-बीच जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न होगी. विधायक ने कहा कि एनएच के इंजीनियर सिर्फ सरकारी पैसे की बंदरबांट कर रहे हैं. कागजों में सड़क बन रही है, जमीन पर सिर्फ लूट दिखायी दे रही है. उन्होंने केंद्र सरकार के सेटेलाइट से निगरानी के दावों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह सिर्फ जनता को गुमराह करने का प्रयास है. विधायक ने कहा कि सड़क किनारे आज भी पेड़ खड़े हैं, जिन्हें अब तक नहीं हटाया गया है. सड़क पर पेड़ मौजूद होने के कारण दुर्घटना की संभावना बनी हुई हैं. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को आगामी झारखंड विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठायेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >