सिमडेगा में खुलेगा मेडिकल कॉलेज, जमीन चिह्नित कर शीघ्र प्रस्ताव भेजें : इरफान

सदर अस्पताल परिसर में मेगा महिला स्वास्थ्य शिविर व दृष्टि सुरक्षा अभियान का आयोजन

सिमडेगा. सदर अस्पताल परिसर में बुधवार को मेगा महिला स्वास्थ्य शिविर व दृष्टि सुरक्षा अभियान का आयोजन किया गया. यह शिविर जिला स्वास्थ्य विभाग राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, वूमेन डॉक्टर्स विंग (आइएमए झारखंड) व वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ. शिविर का उदघाटन राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी, विधायक भूषण बाड़ा, विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी समेत अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया. मौके पर मंत्री इरफान अंसारी ने सिमडेगा में मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की. मंत्री ने मंच से उपायुक्त कंचन सिंह को निर्देश दिया कि 25 से 50 एकड़ जमीन चिह्नित कर आवश्यक एनओसी के साथ शीघ्र प्रस्ताव भेजें. कहा कि सरकार जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए गंभीर है. राज्य में जल्द बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मियों की बहाली की जायेगी, जिसमें पूर्व से कार्यरत कर्मियों को उनकी योग्यता के आधार पर प्राथमिकता दी जायेगी. मंत्री ने दावा किया कि राज्य के सदर अस्पतालों की स्थिति में पहले से सुधार हुआ है और स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हुई हैं. डॉ अंसारी ने सिविल सर्जन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी मरीज के इलाज में लापरवाही या शिकायत नहीं मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि कहीं डॉक्टरों की कमी है, तो तत्काल मांग भेजी जाये. सरकार डॉक्टर उपलब्ध करायेगी. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि झारखंड में बड़े स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि सरकार रिम्स-2 अस्पताल का निर्माण कराना चाहती थी. लेकिन विपक्ष द्वारा इसका विरोध किया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में राजनीति बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने जानकारी दी कि सभी सरकारी अस्पतालों में सर्वाइकल कैंसर का टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है, जहां मुफ्त में टीका लगाया जा रहा है. आयुष्मान योजना के तहत इलाज की राशि को पांच लाख से बढ़ा कर 15 लाख रुपये कर दिया गया है. इस दौरान मंत्री ने सदर अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य शिविर में योगदान देने वाले चिकित्सकों व कर्मियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >