संघर्ष, साहस व पहचान की मिसाल हैं शहीद विलियम लुगून : जोसिमा
जलडेगा में वार्षिक मेला का आयोजन
By Prabhat Khabar News Desk | Updated at :
सिमडेगा. शहीद कॉमरेड विलियम लुगून की स्मृति में गुरुवार को जलडेगा में वार्षिक मेला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने किया. मौके पर जोसिमा खाखा ने कहा कि शहीद विलियम लुगून केवल एक नाम नहीं, बल्कि हमारे संघर्ष, साहस व पहचान की जीवित मिसाल हैं. उनकी शहादत ने झारखंड आंदोलन को नयी ऊर्जा दी थी. आज यह मेला हमारी सांस्कृतिक धरोहर का उत्सव होने के साथ-साथ नयी पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है. महिलाओं और युवतियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आदिवासी संस्कृति में महिलाओं की भूमिका हमेशा सशक्त रही है. मंच पर आयोजित प्रतियोगिताएं इस बात का प्रमाण हैं कि बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं कांग्रेस पार्टी महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है. मौके पर जदुर, डमकड़, टीकचांगी, घड़ा फोड़, बोरा रेस सहित कई पारंपरिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. देर रात तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकारों ने गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. कार्यक्रम के अंत में जोसिमा खाखा ने शहीद विलियम लुगून को नमन करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति ही हमारी पहचान है. इसे संरक्षित रखना और आगे बढ़ाना हम सबकी जिम्मेदारी है. मौके पर जिप सदस्य समरोम पौल तोपनो, प्रतिमा कुजूर, जूली लुगून सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।