बानो. कोलेबिरा से मनोहरपुर तक सड़क चौड़ीकरण निर्माण कार्य चल रहा है. इसमें जगह-जगह पुल का भी निर्माण किया जा रहा है. लेकिन समय पर पुल का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से लोगों की मुसीबतें बढ़ गयी हैं. पुल का निर्माण के लिए डायवर्सन का निर्माण किया गया है, किंतु भारी बारिश से कई स्थानों का डायवर्सन बह गया. बेड़ाहोंजोर में डायवर्सन बनाया गया था, जो बह गया. लगातार बारिश होने से कोलेबिरा मनोहरपुर सड़क पर कई डायवर्सन की स्थिति खराब हो गयी है. समय पर पुल निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ, तो आनेवाले समय में ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ सकती है. कोलेबिरा-मनोहरपुर सड़क पर शुक्रवार को दो डायवर्सन बह गये, जिससे घंटों यातायात व्यवस्था ठप रही. इधर, बोंगराम के समीप भी डायवर्सन बह गया, जिससे कोलेबिरा-लचरागढ़ मुख्य पथ पर आवागमन बाधित हो गया. कई बसों को रूट बदलना पड़ा. विभिन्न पंचायतों के लोगों को प्रखंड मुख्यालय तक आने-जाने में समस्याओं का सामना करना पड़ा. इधर बानो प्रखंड के उकौली में भी डायवर्सन बह गया गया. ग्रामीणों ने डायवर्सन को दुरुस्त करने का मांग की है.
कोलेबिरा में बारिश से भरे नदी व नाले
कोलेबिरा. कोलेबिरा प्रखंड में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. प्रखंड के सभी नदी, नाले व तालाब भर गये हैं. गुरुवार की रात हुई जोरदार बारिश से कोलेबिरा- मनोहरपुर पथ स्थित कोलेबिरा कॉलेज के समीप के पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है. अंबाटोली श्रीकोडेकेरा पथ में अवस्थित देवनदी पुलिया के ऊपर से भी पानी बहने लगा. इसके चलते लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा. लगातार हो रही बारिश से जहां एक ओर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. दूसरी और किसानों के चेहरे में मुस्कान झलक रही है. किसानों द्वारा अपने-अपने खेतों में जोताई काम शुरू कर दिया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
