प्रेम, त्याग व सेवा से अपने जीवन को सुंदर बनायें : बिशप

संत अन्ना महागिरजा में श्रद्धा के साथ मनाया गया क्रिज्मा पर्व

सिमडेगा. सामटोली स्थित संत अन्ना महागिरजा में बुधवार को क्रिज्मा पर्व श्रद्धा और भक्ति से मनाया गया. मौके पर पवित्र तेलों के अभिषेक के लिए विशेष मिस्सा (प्रार्थना सभा) का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मसीही विश्वासी शामिल हुए. पर्व में सिमडेगा धर्मप्रांत के बिशप स्वामी विंसेंट बरवा, वीजी इग्नासियुस, संत मेरिज के रेक्टर फादर पीयूष सहित धर्मप्रांत के विभिन्न पल्ली से आये फादर और सिस्टर्स उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान महागिरजा परिसर में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही. क्रिज्मा पर्व के तहत तीन प्रकार के पवित्र तेलों दीक्षार्थियों का तेल, पवित्र विलेपन (क्रिज्म) का तेल तथा बीमारियों के तेल का अभिषेक किया गया. इन तेलों का मसीही जीवन में विशेष धार्मिक महत्व है. दीक्षार्थियों का तेल बुराइयों से संघर्ष की शक्ति देता है, पवित्र विलेपन का तेल विभिन्न संस्कारों और अभिषेक में उपयोग होता है, जबकि बीमारियों का तेल रोगियों को आध्यात्मिक बल प्रदान करने के लिए प्रयोग किया जाता है. इस अवसर पर बिशप स्वामी विंसेंट बरवा ने कहा कि मनुष्य पाप के कारण ईश्वर से दूर हो जाता है, लेकिन प्रेम, त्याग और सेवा के माध्यम से वह अपने जीवन को सुंदर बना सकता है. उन्होंने कहा कि प्रभु ईसा मसीह ने मानवता के लिए अपना जीवन बलिदान किया, उसी प्रकार हमें भी एक-दूसरे के प्रति प्रेम और समर्पण की भावना रखनी चाहिए. उन्होंने कहा कि पवित्र तेल ईसा मसीह की उपस्थिति का प्रतीक है, जो विश्वासियों को आध्यात्मिक शक्ति प्रदान करता है. इस दिन श्रद्धालु पवित्र तेल की आशीष प्राप्त कर धर्म और सेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं. पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा. अंत में सभी विश्वासी सामूहिक प्रार्थना में शामिल हुए और आशीर्वाद प्राप्त किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >