सिमडेगा. समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में बैठक कर शिक्षा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की गयी. बैठक में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना, ड्रेस व पुस्तक वितरण, स्वास्थ्य जांच, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में नामांकन, साइकिल वितरण, खेल एवं शारीरिक शिक्षा तथा रूआर कार्यक्रम की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गयी. उपायुक्त ने प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत जिले के 961 विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन की गंभीरता से समीक्षा करते हुए इसके क्रियान्वयन में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिये. साथ ही बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के लिए भी संबंधित विभाग को आवश्यक कदम उठाने को कहा. बैठक के दौरान विद्यालयों में नामांकित दिव्यांग बच्चों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिन बच्चों के पास अभी तक दिव्यांगता प्रमाण पत्र नहीं है, उनके लिए विशेष शिविर लगा कर प्रमाण पत्र बनाये जायें. उन्होंने इस संबंध में तिथि निर्धारित कर व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को लाभ मिल सके. रूआर कार्यक्रम के अंतर्गत आउट ऑफ स्कूल बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने और मैट्रिक परीक्षा में सफल छात्रों की आगे की पढ़ाई में निरंतरता बनाये रखने के लिए मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया. साथ ही 11वीं में नामांकन नहीं लेने वाले छात्रों के कारणों का विश्लेषण कर समाधान खोजने की बात कही गयी. बोर्ड परीक्षा में असफल छात्रों की सूची बना कर कमजोर विषयों में विशेष कक्षाएं आयोजित करने के निर्देश दिये गये, ताकि भविष्य में बेहतर परीक्षा परिणाम हासिल हो सके. नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय में नामांकन, संचालन और रिक्त पदों की स्थिति पर भी समीक्षा की गयी. बैठक में सिविल सर्जन डॉ रामदेव पासवान, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथलेश केरकेट्टा, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक राम समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
