विश्व कप में झारखंड का जलवा: सिमडेगा की तीन बेटियों समेत चार खिलाड़ी भारतीय टीम में

एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप के लिए भारतीय टीम में झारखंड की चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है। सलीमा टेटे को टीम की कमान सौंपी गई है। जानें पूरी खबर।

झारखंड के लिए गर्व की बात है कि 15 से 30 अगस्त 2026 तक नीदरलैंड्स और बेल्जियम में आयोजित होने वाले एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप के लिए घोषित भारतीय टीम में राज्य की चार खिलाड़ियों को जगह मिली है. इनमें सिमडेगा की तीन बेटियां शामिल हैं. सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि सिमडेगा की स्टार मिडफील्डर सलीमा टेटे को भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तानी सौंपी गई है हॉकी इंडिया द्वारा घोषित 20 सदस्यीय टीम में झारखंड से सलीमा टेटे (सिमडेगा), ब्यूटी डुंगडुंग (सिमडेगा), दीपिका सोरेंग (सिमडेगा) और निक्की प्रधान (खूंटी) का चयन हुआ है. विश्व कप जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में झारखंड की चार खिलाड़ियों का एक साथ भारतीय टीम में शामिल होना राज्य के हॉकी इतिहास की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

भारतीय टीम हाल ही में न्यूजीलैंड में आयोजित एफआईएच नेशंस कप जीतकर लौटी है। टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही थी, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल काफी ऊंचा है. विश्व कप में भारत को पूल-डी में चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है. भारत अपने अभियान की शुरुआत 16 अगस्त को चीन के खिलाफ करेगा. इसके बाद 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड से मुकाबला होगा. सभी मैच नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन स्थित वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे.

हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह समेत हॉकी झारखंड, हॉकी सिमडेगा और राज्य के खेल विभाग के पदाधिकारियों ने चारों खिलाड़ियों और पूरी भारतीय टीम को विश्व कप के लिए शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड की बेटियों का लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करना राज्य में हॉकी की मजबूत परंपरा, बेहतर प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है. सलीमा टेटे का कप्तान बनना और चार खिलाड़ियों का एक साथ चयन पूरे झारखंड के लिए गौरव का विषय है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ravikant

Published by: Priya Gupta

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >