सिमडेगा. शहर में पिछले 10 दिनों से जलापूर्ति बाधित रहने की शिकायतों के बाद सिमडेगा विधायक सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूषण बाड़ा केलाघाघ डैम स्थित पंप हाउस पहुंचे और मौके पर स्थिति का जायजा लिया. लगातार जलापूर्ति ठप रहने से आम नागरिकों को हो रही परेशानी को उन्होंने गंभीर मुद्दा बताया. निरीक्षण के दौरान विधायक ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद तिर्की को फटकार लगायी और कुछ घंटों के भीतर जलापूर्ति बहाल करने का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही का खामियाजा बार-बार जनता को भुगतना पड़ रहा है, जिसे अब किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने उपायुक्त कंचन सिंह से फोन पर बात कर स्थिति से अवगत कराया और जल्द समस्या के समाधान की मांग की. साथ ही प्रशासन से समन्वय बना कर स्थायी समाधान निकालने पर जोर दिया. इस दौरान कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा, प्रखंड अध्यक्ष सिलबेस्टर बाघवार, 20 सूत्री उपाध्यक्ष मनोज जायसवाल, प्रवक्ता रणधीर रंजन, विधायक प्रतिनिधि सलमान खान समेत कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
पंप हाउस का किया निरीक्षण, लगायी फटकार
सिमडेगा में जलसंकट पर भड़के विधायक
