कोलेबिरा (सिमडेगा). कोलेबिरा थाना क्षेत्र में दर्ज गांजा तस्करी के मामले में पुलिस ने करीब एक साल से फरार चल रहे प्राथमिकी अभियुक्त बिट्टू कुमार उर्फ बिहारी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा. मामले में कोलेबिरा थाना कांड संख्या 70/25, दिनांक 17 अगस्त 2025 को बीएनएस की धारा 319(2)/318(4) और एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(c)/22(c)/29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही थी छापेमारी
पुलिस के अनुसार, इसी मामले में संजय कुमार और आकाश कुमार यादव को ब्रेजा वाहन से 62.400 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया था. दोनों को 18 अगस्त 2025 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था. मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी.
चतरा से हुई गिरफ्तारी
इसी क्रम में पुलिस टीम ने बिट्टू कुमार (23), पिता नंदू यादव, निवासी दरगाही, विशनपुर, थाना प्रतापपुर, जिला चतरा को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, आरोपी इस मामले में करीब एक वर्ष से फरार चल रहा था. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को 22 सितंबर 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
