पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी झारखंड के जस्टिन केरकेट्टा का हार्ट अटैक से निधन, खेल जगत में शोक की लहर

पूर्व इंटरनेशनल हॉकी खिलाड़ी जस्टिन केरकेट्टा का आज निधन हो गया. वह झारखंड के सिमडेगा जिले के रहने वाले थे. उनके निधन से झारखंड के खेल जगत में शोक की लहर है. बताया जा रहा है कि हृदय गति रुकने से जस्टिन केरकट्टा का निधन हुआ है.

पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी झारखंड के जस्टिन केरकेट्टा का निधन हो गया है. शुक्रवार को हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया. केरकेट्टा झारखंड के सिमडेगा जिला के कोलेबिरा प्रखंड अंतर्गत अघरमा के रहने वाले थे. उनका जन्म 1947 में हुआ था. वह 1978 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने के साथ-साथ कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.

सेना के जवान रह चुके थे जस्टिन केरकेट्टा 

जस्टिन केरकेट्टा बिहार रेजीमेंट में भारतीय सेना में नौकरी करते थे. वहां से सेवानिवृत्त होने के बाद वह 1982 से 1998 तक मेकॉन में हॉकी खिलाड़ियों को कोचिंग भी देते रहे. इसके बाद वह कोलेबिरा प्रखंड मुख्यालय में मकान बनाकर रहने लगे और किसी भी छोटे बड़े हॉकी प्रतियोगिताओं में भाग लेते रहे. कोलेबिरा के बरवाडीह विद्यालय में हर वर्ष होने वाले हॉकी प्रतियोगिता में भी वह बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता देते थे.

Also Read: सीएम हेमंत सोरेन ने सिमडेगा के घायल हॉकी खिलाड़ियों का लिया संज्ञान, RIMS पहुंचा खेल विभाग
भोलानाथ सिंह ने दी श्रद्धांजलि

उनके निधन पर हॉकी झारखंड, हॉकी सिमडेगा सहित कई खेल संघों ने ने श्रद्धांजलि व्यक्त की है. राज्य के खेल प्रेमियों में शोक की लहर व्याप्त है. हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके जाने से बहुत बड़ी क्षति हुई है. मैं जब भी सिमडेगा जाता था कोलेबिरा में रुककर उनसे मिलकर ही आगे वापस आता था. उनसे कई बार मार्गदर्शन भी प्राप्त किया.

हॉकी झारखंड ने जताया शोक

हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जस्टिन केरकेट्टा के निधन से हम लोगों ने हॉकी के एक अभिभावक खो दिया है. जब भी हम लोग उन्हें किसी आयोजन के लिए आमंत्रित करते थे तो वह हमें समय देते थे और कहा करते थे कि आप लोगों के कार्य से मुझे काफी खुशी होती है. निरंतर आप लोग इसी तरह कार्य करते रहें. आज उनके निधन पर हॉकी झारखंड के विजय शंकर सिंह, रजनीश कुमार, मनोज कोनबेगी, माइकल लाल, अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी असुंता लकड़ा सहित हॉकी झारखंड के समस्त पदाधिकारियों ने शोक व्यक्त की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >